राहुल की सदस्यता बहाल होने पर बिहार में गरमाई राजनीति, RJD बोली- साजिशकर्ताओं के लिए सबक, अब मिलेगा जवाब!
राहुल गांधी की संसद की सदस्यता बहाल होते ही बिहार में राजनीति गरमा गई है। राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला साजिशकर्ता के लिए सबक है। एजेंडा के तहत अब नेताओं को परेशान नहीं किया जाएगा।कांग्रेस से विधान परिषद के सदस्य प्रेमचंद मिश्रा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी को हर तरीके से परेशान किया गया।

जागरण संवाददाता, पटना: मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद आज यानी सोमवार को उनकी संसद की सदस्यता भी बहाल कर दी गई है। राहुल गांधी की संसद की सदस्यता बहाल होते ही बिहार में राजनीति गरमा गई है। पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे को घेरने में जुट गए हैं।
राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाल होने पर राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला साजिशकर्ता के लिए सबक है। एजेंडा के तहत अब नेताओं को परेशान नहीं किया जाएगा।
'भाजपा को अब जवाब दिया जाएगा'
राहुल की संसद से सदस्यता बहाल हो जाने पर कांग्रेस से विधान परिषद के सदस्य प्रेमचंद मिश्रा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी को हर तरीके से परेशान किया गया। वह सत्य के रास्ते पर थे। आखिर में सत्य की जीत हुई। उन्होंने कहा कि संसद में कई मुद्दों पर बहस होनी है। भाजपा को अब जवाब दिया जाएगा।
राहुल के संसद पहुंचने से नहीं पड़ेगा फर्क : चौधरी
इस पर पलटवार करते हुए बिहार में भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी अभी निर्दोष साबित नहीं हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने सूरत कोर्ट के फैसले पर केवल स्टे लगाया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी के संसद में पहुंचने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनका राजनीतिक व्यवहार पूरा देश जानता है।
भाजपा नेता और पूर्व मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को कोर्ट से राहत मिली है, माफी नहीं। राहुल रास्ते से अलग होकर बयानबाजी करते हैं। कांग्रेस को कोई राजनीतिक फायदा नहीं होने वाला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।