बिहार के गंगा पुलों से रहा प्रधानमंत्रियों का खास नाता, अब 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन कर नया रिकॉर्ड बनाएंगे PM मोदी
बिहार में गंगा पर बने मेगा ब्रिजों के शिलान्यास और उद्घाटन में कई प्रधानमंत्रियों की दिलचस्पी रही है। अब प्रधानमंत्री ...और पढ़ें

पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और नरेंद्र मोदी। फाइल फोटो
HighLights
पंडित नेहरू ने राजेंद्र सेतु का उद्घाटन किया था।
इंदिरा गांधी ने महात्मा गांधी सेतु का उद्घाटन किया।
मोदी कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का उद्घाटन करेंगे।
भुवनेश्वर वात्स्यायन, पटना। गंगा पर बने बिहार के मेगा ब्रिजों के उद्घाटन व शिलान्यास में कई प्रधानमंत्रियों की दिलचस्पी रही है। प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के समय यह सिलसिला आरंभ हुआ। वहीं, नरेंद्र मोदी अब इसी महीने की 21 तारीख को कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल यानी नीतीश सेतु का उद्घाटन करने वाले हैं।
इस उद्घाटन के साथ उनके नाम बिहार में दो मेगा ब्रिजों के उद्घाटन का रिकॉर्ड बन जाएगा। एक मेगा ब्रिज इस श्रेणी में भी शामिल है, जिसका उन्होंने शिलान्यास भी किया और उद्घाटन भी।
राजेंद्र सेतु का उद्घाटन पंडित नेहरू ने किया था
गंगा पर बने बिहार के पहले मेगा ब्रिज, जिसे राजेंद्र सेतु के नाम से जाना जाता है, का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने किया था। इस पुल की आधारशिला देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 26 फरवरी 1956 को रखी थी।
इसका उद्घाटन 1959 में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने किया था। इस पुल का महत्व इस मायने में है कि स्वतंत्र भारत में गंगा नदी पर बना यह पहला रेल सह सड़क पुल है।
इंदिरा गांधी ने महात्मा गांधी सेतु का किया था उद्घाटन
पटना से उत्तर बिहार को जोड़ने वाले लाइफ लाइन महात्मा गांधी सेतु का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने मई 1982 में किया था। यह पुल 1972 मे बनना आरंभ हुआ था।
बाद में जब इस पुल का पुनर्निर्माण हुआ तो जून 2022 में इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था जेपी सेतु का शिलान्यास
प्रधानमंत्री के रूप में अटल बिहारी वाजपेयी ने पटना के दीघा से सारण के सोनपुर के बीच बने रेल सड़क पुल का शिलान्यास वर्ष 2003 में किया था।
नरेंद्र मोदी ने राजेंद्र सेतु के समानांतर बने पुल का शिलान्यास भी किया और उद्घाटन भी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम बिहार के मेगा ब्रिजों के संदर्भ में यह उपलब्धि है कि उन्होंने पुल का शिलान्यास भी किया और उद्घाटन भी।
राजेंद्र सेतु के समानांतर बने मोकामा के औंटा से बेगूसराय के सिमरिया के बने मेगा ब्रिज का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में मोकामा में आयोजित कार्यक्रम से किया था। इसका उद्घाटन अगस्त 2025 में उन्होंने ही किया।
कृष्ण सेतु का शिलान्यास अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था
मुंगेर से बेगूसराय के बीच गंगा पर बने पुल का शिलान्यास वर्ष 2002 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। बाद में 2022 में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका उद्घाटन किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।