नीतीश सेतु पर वाहनों से पहले राजनीतिक दलों की रेस, क्रेडिट के लिए बड़े नेताओं में भिड़ंत
पटना में गंगा पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन 21 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी करेंगे। इसके निर्माण के श्रेय को ...और पढ़ें
-1794829275912_m.webp)
तेजस्वी यादव और नीतीश कुमार। फाइल फोटो
HighLights
गंगा पर बने नीतीश सेतु का उद्घाटन 21 नवंबर को।
सेतु के निर्माण श्रेय पर एनडीए और राजद में होड़।
तेजस्वी यादव और जदयू अपने-अपने दावे पेश कर रहे।
राज्य ब्यूरो, पटना। राजधानी के निकट गंगा पर बने नीतीश सेतु का विधिवत उद्घाटन 21 नवंबर को होगा। बड़े समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे, लेकिन इससे पहले इस सेतु पर एनडीए और राजद के बीच एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ मची है कि इसके निर्माण में किसका बड़ा श्रेय है?
पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के विदुपुर का यह सेतु करीब पौने 10 किमी लंबा है। संपर्क सड़क को जोड़ दें तो इसकी लंबाई 19.76 किमी है। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव का विधानसभा क्षेत्र राघाेपुर इसके बीच में है।
सेतु बनने से पहले राघोपुर को टापू माना जाता था। एनडीए और खासकर जदयू यह याद दिलाना नहीं भूल रहा है कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी ने मुख्यमंत्री की हैसियत से राघोपुर का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन अपने 15 साल के शासनकाल में दोनों राघोपुर को सेतु से जोड़ नहीं पाए।
तेजस्वी यादव ने याद दिलाई अपनी भूमिका
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसी शुक्रवार को जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल को समर्पित करने की घोषणा की तो सबने स्वागत किया।
विपक्ष के नेता और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भी विरोध नहीं किया, लेकिन उन्होंने इसे नीतीश कुमार की राजनीति को समाप्त करने का प्रयास बताया।
तेजस्वी ने कहा, "पुल के नामकरण के माध्यम से भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि नीतीश कुमार राजनीतिक तौर पर समाप्त हो गए हैं। क्योंकि राज्य में जीवित राजनेता के नाम पर किसी आधारभूत संरचना के नामकरण की परिपाटी नहीं है।"
तेजस्वी ने नीतीश सेतु के निर्माण में अपनी भूमिका की भी याद दिलाई। इसके कार्यारंभ के समय तेजस्वी राज्य के उप मुख्यमंत्री और पथ निर्माण मंत्री थे।
जदयू का अपना दावा
दिलचस्प यह है कि 2014 में जब कच्ची दरगाह-विदुपुर पुल की परिकल्पना की गई थी, उस समय राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह पथ निर्माण मंत्री थे।
ललन सिंह कहते हैं कि यह पुल पूरी तरह नीतीश कुमार की देन है। उन्हीं का विजन था। 2015 के विधानसभा चुनाव के बाद महागठबंधन की सरकार बनी।
नीतीश मुख्यमंत्री और तेजस्वी यादव उप मुख्यमंत्री एवं पथ निर्माण मंत्री थे। कार्य की शुरु उसी समय हुआ था। इसलिए वे नीतीश सेतु के निर्माण में अपना श्रेय ले रहे हैं।
राज्य सरकार का खर्च
नीतीश सेतु की विशेषता यह है कि इसमें केंद्र सरकार का धन नहीं लगा है। कुल पांच हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के लिए तीन हजार करोड़ एशियन डेवलपमेंट बैंक से कर्ज लिए गए। दो हजार करोड़ रुपये का प्रबंध राज्य सरकार ने अपने आंतरिक संसाधनों से किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।