प्रकाश पर्व में बोले PM मोदी, पूरे देश को प्रेरणा देगा बिहार
गुरु गाेविंद सिंह का 350वां प्रकाश पर्व समारोह पटना के गांधी मैदान में संपन्न हो गया। आज मुख्य समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
पटना [जेएनएन]। प्रकाश पर्व से बिहार नए रूप में प्रकाशित हुआ है। यह बिहार पूरे देश को राह दिखाएगा। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह उम्मीद जताई। प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार की मुक्तकंठ से सराहना की। मोदी ने कहा कि प्रकाश पर्व के सफल आयोजन और राज्य में शराबबंदी लागू कर आने वाली पीढिय़ों का भविष्य खुशहाल बनाने के लिए नीतीश का अभिनंदन करता हूं। बिहार पूरे देश को प्रेरणा देगा। अनमोल ताकत बनेगा।
गुरु की जै-जै
प्रधानमंत्री ने कहा, आज हम पटना साहिब की धरती पर प्रकाश पर्व मनाकर भाग्यशाली हुए हैं। दुनिया के सभी देशों में भारत सरकार ने दूतावासों के माध्यम से इस प्रकाश पर्व को मनाने की योजना बनाई है, ताकि पूरे विश्व को अहसास हो कि 350 साल पहले जन्मे गुरु गोविंद सिंह ने मानवता के लिए कितना बड़ा त्याग किया था। प्रकाश पर्व से हिंदुस्तान के लिए एकता, अखंडता, भाईचारा और सामाजिक समरसता का मजबूत संदेश है।
गुरु गोविंद सिंह के बलिदानों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी 42 साल की उम्र रही। लेकिन इस छोटे से जीवन में उन्होंने उन्होंने धर्म, समाज और मानवता की रक्षा के लिए जो कार्य किए वह अद्भुत है। अपने पिता और पुत्रों की अपने आंखों के सामने कुर्बानियां दी हैं। उन्होंने पंज प्यारों का चुनाव कर कोने-कोने में जाकर देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया। ये ऐसे पंज प्यारे थे, जिससे वे स्वयं भी मार्गदर्शन लेते रहे।
नीतीश की तारीफ
समागम में पीएम नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक-दूसरे की जमकर तारीफ की। शुरुआत नीतीश कुमार ने की तो मोदी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने प्रकाश पर्व के आयोजन के लिए नीतीश को सराहा।
शराबबंदी पर नीतीश की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा कि सामाजिक सुधार अभियान शुरू करना बहुत मुश्किल होता है। इसके बावजूद उन्होंने जिस तरह नशामुक्ति का अभियान चलाया है, उसके लिए मैं उनका अभिनंदन करता हूं। उन्हें बधाई देता हूं। मैं बिहार की जनता और सभी राजनीतिक दलों से गुजारिश करता हूं कि वे समझें कि यह काम सिर्फ नीतीश कुमार का नहीं है। यह जन-जन का काम है। यदि इसे सफल बनाएंगे तो बिहार प्रेरणा का केंद्र बनेगा।
पीएम मोदी ने कहा, मुझे विश्वास है कि बिहार देश की अनमोल शक्ति बनेगा। बिहार की धरती ने गुरु गोविंद सिंह से लेकर कई महापुरुष दिए हैं। राजेंद्र बाबू, जय प्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर जैसे अनगिनत नवरत्न इस धरती ने मां भारती की सेवा में दिए हैं।
इसके पूर्व प्रधानमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह जी के 350वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष डाक टिकट जारी किया। कार्यक्रम में नीतीश कुमार के साथ बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान और केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद भी गांधी मैदान के दरबार हॉल में मौजूद थे।
कार्यक्रम में पहुंचे दिग्गज
कार्यक्रम स्थल पर बिहार के राज्यपाल व मुख्यमंत्री मौजूद हैं। पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल, डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल भी पहुंचेहैं। पंडाल में भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा भी हैं।
भाजपा नेता सुशील मोदी, प्रेम कुमार और नन्द किशोर भी पहुंचे। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद व उनके दोनों बेटे डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में रामविलास पासवान, रविशंकर प्रसाद सहित कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल थे।
दरबार हॉल में मत्था टेका
गांधी मैदान टेंट सिटी पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने दरबार हॉल में मत्था टेका। इसके बाद उन्होंने लोगों से मुलाकात की। इसके बाद उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लंबी बातचीत होती रही। इसके बाद गुरुवाणी हुई।बादल ने की नीतीश की सराहना
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में पंजाब के सीएम प्रकाश बादल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना की। कहा कि उन्होंने जो समागम का माहौल बनाया, उसके लिए उनका बहुत आभार। बादल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की।
नीतीश बोले, बिहार में बनेगा सिख सर्किट
अपने संबोधन में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराब को बुरी चीज बताते हुए कहा कि शराबबंदी से यहां खुशहाली आई है। कहा, यह बापू के चंपारण सत्याग्रह का सौवां साल भी है। चंपारण सत्याग्रह ने देश की आजादी की लड़ाई को नया स्वरूप दिया। कहा, यह सौभाग्य की बात है कि हम एक ही साल गुरु गोविंद सिंह का 350वां प्रकाश पर्व तथा चंपारण सत्याग्रह के सौवें साल का समारोह मना रहे हैं।
मुख्यमंत्री बाेले, गुरु गोविंद सिंह एक आदश व्यक्तित्व थे। उनका संघर्ष दलित मानवता की रक्षा के लिए था। हम गुरु गोविंद सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को बेहतर बनाएंगे। नीतीश ने कहा बिहार में गुरु सर्किट बनाया जायेगा। कई गुरुद्वारों को जोड़कर सर्किट बनाया जाएगा। गुरु के बाग में प्रकाश उद्यान बनाया जायेगा।
नीतीश ने कहा, हमने इस आयोजन की सफलता के हर प्रयास किए। फिर भी यदि कोई कमी रह गयी हो तो क्षमा करेंगे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने अपने विचार रखे।
FLASHBACK : एक-एक कर होते रहे विस्फोट, मोदी के लिए डटे रहे लोग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।