पटना में बनेगी पेड़-पौधों वाली टाउनशिप, केवल 25% हिस्से पर होगा फ्लैट का निर्माण; PM मोदी ने किया शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना के बहादुरपुर में 1250 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली आधुनिक उपवन टाउनशिप का शिलान्यास किया।
-1795276788833_m.webp)
प्रोजेक्ट को निहारते पीएम मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फोटो X/samrat4bjp
HighLights
पीएम मोदी ने पटना में उपवन टाउनशिप का शिलान्यास किया।
1250 करोड़ की लागत से 888 आधुनिक फ्लैट बनेंगे।
75% क्षेत्र खुला और पर्यावरण अनुकूल डिजाइन होगा।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार की राजधानी पटना के बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी की तस्वीर बदलने वाली आधुनिक उपवन टाउनशिप का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को शिलान्यास किया।
कंकड़बाग के बहादुरपुर सेक्टर-5 में टीवी टावर के पास बिहार राज्य आवास बोर्ड की 8.5 एकड़ जमीन पर 1250 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना को विकसित किया जाएगा।
इसमें 11 हाईराइज टावरों में कुल 888 फ्लैट बनाए जाएंगे। परियोजना से लोगों को आधुनिक आवास की सुविधा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
बिहार राज्य आवास बोर्ड पहली बार सरकारी जमीन पर खुद हाईराइज टावरों का निर्माण करा रहा है। आवास बोर्ड और केंद्र सरकार की नवरत्न कंपनी एनबीसीसी इसे सेल्फ फाइनेंसिंग माडल पर विकसित करेंगे। परियोजना का मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
निर्माण पूरा करने के लिए करीब तीन साल का लक्ष्य रखा गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत पर्यावरण अनुकूल डिजाइन है। कुल जमीन के केवल 25 प्रतिशत हिस्से पर निर्माण होगा, जबकि 75 प्रतिशत हिस्सा खुला और हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
18 मंजिल तक के होंगे 11 टावर
टाउनशिप में भूकंपरोधी तकनीक से 18 मंजिल तक के 11 टावर बनाए जाएंगे। इनमें उच्च आय वर्ग (एचआइजी) के लिए तीन बेडरूम और सर्वेंट रूम वाले 504 फ्लैट होंगे। ये सात टावरों में बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट का बिल्टअप एरिया 1776 वर्गफीट होगा।
वहीं, मध्यम आय वर्ग (एमआइजी) के लिए चार टावरों में 384 फ्लैट बनेंगे। इनमें दो बेडरूम और दो टॉयलेट होंगे। प्रत्येक फ्लैट का बिल्टअप एरिया 1057 वर्गफीट होगा। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लोगों के लिए भी आवास की व्यवस्था होगी।
टाउनशिप में 16,200 वर्गफीट में जी प्लस टू क्लब हाउस और स्वीमिंग पूल बनाया जाएगा। इसके अलावा पार्क, जॉगिंग ट्रैक, रिटेल दुकानें, रोजमर्रा की जरूरतों का बाजार और मंदिर भी विकसित किए जाएंगे।
पार्किंग के लिए स्टिल्ट और खुले स्थान की व्यवस्था होगी। परियोजना का डिजाइन बिहार राज्य आवास बोर्ड और एनबीसीसी ने चैपमैन टेलर कंसल्टेंट से तैयार कराया है।
पुराने आवास धारकों को मिलेगा नया फ्लैट
परियोजना के निर्माण के दौरान पुराने आवास धारकों को वैकल्पिक आवास में रहने के लिए ट्रांजिट रेंट देने की योजना है। निर्माण पूरा होने के बाद पात्र आवास धारकों को नए फ्लैट आवंटित किए जाएंगे।
संपत्ति को फ्रीहोल्ड कराने की सुविधा भी मिलेगी। सरकारी एजेंसी के माध्यम से परियोजना विकसित होने से लोगों को निजी बिल्डरों के अलावा एक विकल्प मिलेगा।
साथ ही पारदर्शी आवंटन और तय मानकों के अनुसार निर्माण की व्यवस्था होगी। भूकंपरोधी भवन और 75 प्रतिशत खुला और हरित क्षेत्र इस टाउनशिप को खास बनाएंगे।
बहादुरपुर के सेक्टर-5 के साथ सेक्टर-6 की करीब 21 एकड़ जमीन के पुनर्विकास की भी योजना है। यहां 40 साल पुरानी जर्जर आवासीय कॉलोनी है। इसके पुनर्विकास से इलाके को नया स्वरूप मिलेगा और आधुनिक आवासीय सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।