Patna News: पटना जिले की 5 लाख महिलाओं की हो गई 'चांदी', PM Modi ने ट्रांसफर किए 105 करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ का शुभारंभ किया जिससे राज्य की करोड़ों जीविका दीदियों को सस्ता ऋण और रोजगार मिलेगा। पटना जिले की 5 लाख से अधिक जीविका दीदियों समेत पूरे प्रदेश की 1.40 करोड़ महिलाओं को आर्थिक मदद मिलेगी। राज्य सरकार की इस पहल से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा और महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।

जागरण संवाददाता, पटना। महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ का शुभारंभ किया। करोड़ों जीविका दीदियों को सस्ते ऋण व रोजगार योजनाओं का लाभ देने के लिए उन्होंने 105 करोड़ रुपये की राशि भी स्थानांतरित की।
इससे पटना जिले की 5 लाख 9 हजार 894 समेत प्रदेश की 1.40 करोड़ जीविका दीदियों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। वीडियाे कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाहरणालय से राज्यसभा के सदस्य डॉ. भीम सिंह, डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, उप विकास आयुक्त समेत 464 जीविका दीदियों ने भाग लिया।
वहीं, जिले के 23 प्रखंडों से 65 संकुल संघों द्वारा 390 स्थानों में आयोजित कार्यक्रम में 83 हजार 523 से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया। समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने बताया कि राज्य सरकार की इस पहल से उनके सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
डीएम ने जीविका दीदियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में क्रियाशील 43 हजार 264 स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की 5 लाख 9 हजार 894 जीविका दीदियों की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों का गठन जीविका का क्रियान्वयन, पूर्ण मद्य निषेध जैसे कार्यक्रमों से महिलाओं की स्थिति में क्रांतिकारी सुधार आया है।
हाल ही में सरकार ने महिलाओं के रोजगार के लिए ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को स्वीकृति दी है। इसके तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिए 10 हजार रुपये की प्रथम किस्त इसी माह हस्तांतरित कर दी जाएगी। रोजगार शुरू करने के 6 माह के बाद आकलन करते हुए 2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।