विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरे मित्र रामविलास...', बिहार में भावुक हुए PM मोदी, नीतीश कुमार की भी की तारीफ

By Sanjay Kumar SinghEdited By: Piyush Pandey
Published: Sat, 21 Nov 2026 03:35 PM (IST)Updated: Sat, 21 Nov 2026 03:55 PM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी ने वैशाली में बिहार के विकास की सराहना की, नीतीश कुमार के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों को सराहा। 

जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी। (वीडियो ग्रैब)

जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. बिहार में डबल इंजन सरकार के विकास की प्रधानमंत्री ने सराहना की।

  2. नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन और प्रगति की प्रशंसा की।

  3. नीतीश सेतु, ऊर्जा परियोजनाओं से बिहार में निवेश बढ़ा।

जागरण संवाददाता, पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि तीन दशक पहले बिहार ने देश को उम्मीद और विश्वास की राह दिखाई थी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन का नया भरोसा कायम हुआ और बिहार विकास की लंबी यात्रा तय कर यहां तक पहुंचा है।

अब डबल इंजन की सरकार में राज्य विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। लोकतंत्र की इस महान धरती वैशाली से बिहार की मिट्टी को नमन करता हूं। प्रधानमंत्री शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी बिहार में हो रहे विकास का प्रमाण है। अभी छठ महापर्व संपन्न हुआ है। माताओं-बहनों ने निर्जला व्रत रखकर सबकी मंगलकामना की है।

छठी मैया के आशीर्वाद से आज बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। हमारी सरकार सबका साथ लेकर सबका विकास करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने गठबंधन के सभी घटक दलों को शुभकामनाएं दीं।

नीतीश कुमार की तारीफ

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बीस सालों तक बिहार की सेवा की और राज्य को बदहाली से बाहर निकाला। अब सम्राट चौधरी और उनकी टीम उनके कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा भी हम पर फूलों की वर्षा करती होगी

पीएम ने दिवंगत रामविलास पासवान को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि मेरे मित्र रामविलास जी की आत्मा भी हम पर फूलों की वर्षा करती होगी।

नीतीश सेतु से घटेगी दूरी, किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार

प्रधानमंत्री ने आधुनिक पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने को मुख्यमंत्री के सम्मान का प्रतीक बताया। कहा कि इस पुल के बनने से पटना और वैशाली के बीच की दूरी कम हुई है। किसानों के लिए अपनी फसल और सब्जियों को बड़े बाजार तक पहुंचाना आसान होगा।

युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी। बिहार में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। औरंगाबाद में छह लेन सड़क का लोकार्पण भी इसी विकास यात्रा की कड़ी है।

बिजली का बड़ा केंद्र बन रहा बिहार

उन्होंने कहा कि बिहार में हाईवे परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। ऊर्जा और शहरी विकास के क्षेत्र में भी तेजी से काम हो रहा है। बक्सर, पीरपैंती और फुलवरिया बांध क्षेत्र में सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ा है।

जिस बिहार के गांवों में कभी बिजली पहुंचना मुश्किल था, वही बिहार अब बिजली उत्पादन का केंद्र बनता जा रहा है। शहरी सुविधाओं के विस्तार के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं।

घोटालों से निवेश तक पहुंचा बिहार

प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए शासन से पहले बिहार की चर्चा घोटालों के लिए होती थी, लेकिन अब राज्य में निवेश के प्रस्ताव आ रहे हैं। अपराधियों पर कार्रवाई हो रही है और विकास की नई गाथा लिखी जा रही है।

नालंदा, गया, शाहाबाद, कैमूर और पटना समेत प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। डबल इंजन सरकार में दो लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं। गया जी में स्टील परियोजना पर काम हो रहा है। मोतिहारी में चीनी मिल को फिर से चालू करने के लिए गन्ना नीति बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए 11 हजार से अधिक नलकूपों की व्यवस्था की गई है। दो सौ से अधिक डिग्री कालेज खोले गए हैं। महिलाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए माता सीता डिग्री कालेज खोलने का निर्णय लिया गया है। साफ नीयत से काम होता है तो विकास जमीन पर दिखाई देता है।

गरीबों को राशन, इलाज और आवास से मिला सम्मान

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीबों को गुमराह करने का काम लंबे समय तक किया गया। उनकी सरकार ने गरीबी के खिलाफ लड़ाई को योजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ाया है। देश में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।

80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। गरीबों को मुफ्त इलाज की गारंटी के साथ बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास और सम्मान का भाव पैदा हुआ है।

उन्होंने कहा कि बिहार में 43 लाख परिवारों को पक्का मकान दिया गया है। प्रदेश के 75 लाख किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की राशि पहुंचाई गई है। वहीं, 50 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है। गरीबी के खिलाफ लड़ाई में बिहार का बड़ा योगदान है।

प्रधानमंत्री ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बिहार के नौजवान विकास की जरूरत और उसकी ताकत दोनों को समझते हैं। उनके चेहरे पर दिख रहा उत्साह प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

उन्होंने लोगों से विकसित बिहार और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटने का आह्वान किया। कहा कि हमें न रुकना है, न थकना है। बिहार को समर्थ और समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना है। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का आभार जताया।

 

यह भी पढ़ें- PM Modi Bihar Visit LIVE Updates: पीएम मोदी के सामने चिराग ने नीतीश कुमार को बताया अभिभावक, कहा- 'सेतु' डबल-इंजन सरकार के विजन का नतीजा

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का बिहारी अंदाज, नीतीश सेतु पर लहराया गमछा; निशांत कुमार को लगाया गले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।