बिहार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू, 18 फसलों कम प्रीमियम पर मिलेगी सुरक्षा; 15 नवंबर से करें आवेदन
बिहार में किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से आर्थिक सुरक्षा देने के लिए रबी 2026-27 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू होगी।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना। सांकेतिक फोटो
HighLights
रबी 2026-27 से बिहार में पीएम फसल बीमा योजना लागू।
किसानों को कम प्रीमियम पर व्यापक बीमा कवरेज मिलेगा।
18 फसलों के लिए आवेदन 15 नवंबर 2026 से शुरू होंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान की स्थिति में बिहार के किसानों को आर्थिक सुरक्षा का मजबूत सहारा मिलेगा। रबी 2026-27 से राज्य में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत किसानों को लाभ मिलेगा।
यह बिहार राज्य फसल सहायता योजना की जगह लेगी। इसके तहत किसानों को कम प्रीमियम पर व्यापक बीमा कवरेज मिलेगा। योजना के लिए 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक आवेदन किए जा सकेंगे।
सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने शनिवार को कहा कि रैयत किसानों के साथ गैर-रैयत किसान भी इस बीमा का लाभ ले सकेंगे। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू होने के बाद प्राकृतिक आपदाओं, कीट और रोगों से फसल क्षति पर बीमा सुरक्षा मिलेगी।
गेहूं, मक्का, दलहन, तेलहन और सब्जियों सहित 18 फसलें तथा आम, लीची, केला, कटहल और अमरूद भी इसमें शामिल हैं। इसकी खासियत यह है कि इस योजना में बीमित भूमि की अधिकतम सीमा नहीं है। इससे बड़े जोत वाले किसान भी बीमित क्षेत्रफल के अनुपात में क्षतिपूर्ति पा सकेंगे।
खाद्यान्न फसलों पर लगेगा 1.5 प्रतिशत प्रीमियम
योजना के तहत केसीसी धारक ऋणी और गैर ऋणी रैयत किसान बीमा करा सकेंगे। गैर - रैयत किसानों को किसान सलाहकार या वार्ड सदस्य से प्रतिहस्ताक्षरित स्व-घोषणा पत्र देना होगा। इसमें बोई गई फसल, रकबा तथा जमीन का खाता और खेसरा नंबर दर्ज करना अनिवार्य है।
केसीसी धारक ऋणी और गैर-ऋणी रैयत किसानों को एग्री स्टैक पर निबंधन कराकर फार्मर आईडी लेनी होगी। गेहूं, मक्का, दलहन और तेलहन जैसी खाद्यान्न फसलों पर बीमित राशि का 1.5 प्रतिशत प्रीमियम लगेगा।
वाणिज्यिक और बागवानी फसलों के लिए बीमित राशि का पांच प्रतिशत या बीमा कंपनी की निर्धारित दर, दोनों में जो कम हो, देय होगा।
दो बीमा कंपनियां चयनित
योजना के क्रियान्वयन के लिए उत्तर और दक्षिण बिहार के लिए दो बीमा कंपनियों का चयन किया गया है। आईसीआईसीआई लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड उत्तर बिहार के 21 जिलों में योजना के तहत बीमा सेवाएं देंगी। एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड दक्षिण बिहार के 17 जिलों में योजना के तहत बीमा सेवा देगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।