बिहार के सभी स्कूलों-कालेजों में चलेगा पौधारोपण अभियान, हर छात्र को दो पौधे मिलेंगे मुफ्त
तीन महीने में पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। इनमें सागवान महोगनी सेमल जामुन अर्जुन समेत विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य वनों का संरक्षण पौधरोपण और हरित आवरण को विस्तार करना है।सरकारी स्कूल-कालेजों से 37.16 लाख और किसानों से 56 लाख पौधे लगाये जाने का लक्ष्य रखा गया है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, पटना। राज्य के सभी सरकारी स्कूल-कालेजों में पौधारोपण अभियान चलेगा। यह अभियान सरकार द्वारा चलाये जा रहे राज्यव्यापी वन महोत्सव के तहत होगा।प्रत्येक छात्र को दो पौधे मुफ्त में दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसकी शुरुआत गत 13 जुलाई को पौधे लगा कर की है। इसके तहत तीन महीने में पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। इनमें सागवान, महोगनी, सेमल, जामुन, अर्जुन समेत विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य वनों का संरक्षण, पौधरोपण और हरित आवरण को विस्तार करना है।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने पौधरोपण के लक्ष्य को पाने के लिए ग्रामीण विकास विभाग, जीविका समूह, मनरेगा, सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों के स्तर भी कार्य योजना तैयार की है। वन विभाग के स्तर से एक करोड़ 7 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वहीं, जीविका से 57 लाख, मनरेगा से 1.93 लाख, सरकारी स्कूल-कालेजों से 37.16 लाख और किसानों से 56 लाख पौधे लगाये जाने का लक्ष्य रखा गया है। जुलाई में अब तक 30 लाख पौधे लगाए गए हैं।
विभाग ने लगाए गए इन पौधों का संरक्षण के लिए किसानों को प्रति पौधे 10 रुपये देने का प्रस्ताव रखा है। इन पौधों का संरक्षण अगले तीन साल तक करना होगा। तीन वर्ष पूरा होने पर विभाग उन्हें प्रत्येक पेड़ के लिए 60 रुपये तथा पूर्व में लिए गए प्रति पेड़ पर 10 रुपये सब्सिडी दिया जाएगा। जो लोग पौधरोपण कर रहे है, उन्हें पांच पौधे मुफ्त दिए जाएंगें।
राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित पौधशालाओं में कई प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं, जिन्हें वहां से प्राप्त किए जा सकते हैं। इससे जुड़ी जानकारियां काल सेंटर के फोन नंबर 0612-2226911 से लिया जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।