पटना में जयमाला से पहले चली गोली, दूल्हे का भाई घायल; डांस को लेकर हुआ था विवाद
पटना के डोमनाचक में जयमाला से पहले डीजे पर नाचने को लेकर बाराती और सराती पक्ष में विवाद हो गया। इस दौरान हुई गोलीबारी में दूल्हे का भाई घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-1795620676215_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
जयमाला से पहले शादी समारोह में हुई गोलीबारी।
डीजे पर नाचने को लेकर विवाद ने लिया हिंसक रूप।
गोली लगने से दूल्हे का भाई घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, फुलवारीशरीफ। गोपालपुर थाना क्षेत्र के डोमनाचक में मंगलवार की देर रात जयमाला की रस्म से ठीक पहले शादी समारोह रणक्षेत्र में बदल गया।
डीजे पर नाचने को लेकर बाराती और सराती पक्ष के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया।
इस दौरान चली गोली दूल्हे के भाई को लग गई। गोली चलते ही शादी समारोह में भगदड़ मच गई। खुशियों के बीच चीख-पुकार गूंजने लगी।
घायल युवक को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
डांस के चलते हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, नौबतपुर निवासी नेहा कुमारी की शादी 25 नवंबर की रात डोमनाचक में होनी थी। नेहा अपने परिवार के साथ डोमनाचक में किराये के मकान में रहती हैं।
देर रात बारात दरवाजे पर पहुंची थी। दरवाजा लगाने की रस्म चल रही थी और जयमाला की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान डीजे पर बाराती नाच रहे थे।
डांस करने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।
आरोप है कि इसी दौरान सराती पक्ष के डोमनाचक निवासी प्रदीप चन्द्रवंशी, पिता पप्पू कुमार ने गोली चला दी। गोली दूल्हे के भाई को लग गई।
तनाव के बीच पूरी हुईं शादी की रस्में
फायरिंग की आवाज सुनते ही समारोह में मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर पहले तक जहां शादी के गीत और डीजे की धुन गूंज रही थी, वहां अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
स्वजन ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा।
हालांकि, काफी अफरातफरी के बावजूद किसी तरह शादी की रस्में पूरी कराई गईं। गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने गोली लगने की घटना की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना में आरोपित की भूमिका और गोलीबारी के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- पटना से तीन लाख रुपया घूस लेने लखनऊ पहुंचा रमेश कुमार, सीबीआई ने रंगे हाथ पकड़ा; भेजा गया जेल
यह भी पढ़ें- शादी में गया था परिवार, इधर ताला काटकर ले उड़े 30 किलो चांदी और 40 ग्राम सोना, हाजीपुर में भीषण चोरी