विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार लखनऊ में घूस लेते गिरफ्तार, सीबीआई ने दबोचा

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:39 PM (GMT+05:30)

CBI Arrested : रमेश कुमार पर दस लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। एडवांस में तीन लाख रुपये लेते उसे मौके से सीबीआई ने धर दबोचा। 

रमेश कुमार को सीबीआई ने तीन लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा।

 रमेश कुमार को सीबीआई ने तीन लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा।

HighLights

  1. लखनऊ के वृंदावन इलाके में ले रहे थे तीन लाख रुपये की रिश्वत

  2. सीबीआई ने लखनऊ व रायबरेली के ठिकानों पर छापेमारी भी की

जागरण संवाददाता, लखनऊ। पटना में तैनात बिहार के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को सीबीआई ने लखनऊ में आवास विकास परिषद की कालोनी वृंदावन से गिरफ्तार किया। रमेश कुमार को सीबीआई ने तीन लाख रुपये घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा।

पटना में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को लखनऊ में सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने पकड़ा। रमेश कुमार पटना में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पद पर कार्यरत है और उसके पास लिक्विडेटिंग ऑफिसर की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी है। रमेश स्क्रैप के ठेके में अड़ंगा डालकर कंपनी संचालक पर घूस देने का दबाव बना रहा था।

खास बात यह है कि बिहार में तैनात अधिकारी रमेश कुमार रिश्वत लेने के लिए लखनऊ पहुंचा था। रमेश कुमार पर दस लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। एडवांस में तीन लाख रुपये लेते उसे मौके से सीबीआई ने धर दबोचा। कंपनी संचालक ने सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच से उसकी शिकायत की थी। योजना के अनुसार सीबीआई ने कंपनी संचालक को रमेश कुमार को वृंदावन इलाके में बुलाने का कहा था।

सीबीआई ने रमेश कुमार को दबोचने के बाद उसके लखनऊ और रायबरेली के ठिकानों पर भी छापेमारी की। सीबीआई ने रमेश कुमार को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जहां से उसको जेल भेज दिया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने लखनऊ और रायबरेली में उसके ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तलाशी में संदिग्ध दस्तावेज और नकदी भी मिली है। सीबीआई ने बुधवार को उसे विशेष अदालत में पेश किया, जहां से सात दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।