कुरथौल से उलार तक बनेगा शहर, पटना में नए नगर निकायों के गठन और विस्तार का प्रस्ताव तैयार
पटना जिले में शहरीकरण का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है, जिसमें सात क्षेत्रों में नए नगर निकायों के गठन और मौजूदा निकायों के विस्तार का प्रस्ताव है।

पटना शहर। फाइल फोटो
HighLights
पटना जिले में शहरीकरण का दायरा बढ़ाने की तैयारी।
सात क्षेत्रों में नए नगर निकायों के गठन का प्रस्ताव।
कुरथौल और उलार में नई नगर परिषदें प्रस्तावित।
जागरण संवाददाता, पटना। जिले में शहरीकरण का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। सात क्षेत्रों में नए नगर निकायों के गठन और मौजूदा नगर निकायों के विस्तार का प्रस्ताव तैयार हो चुका है।
इसके तहत फुलवारीशरीफ प्रखंड के कुरथौल और दुल्हिन बाजार प्रखंड के उलार में नई नगर परिषद गठित करने की योजना है।
वहीं, दनियावां में नई नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा बख्तियारपुर, बाढ़, फतुहा और मसौढ़ी नगर निकायों में पंचायतों को जोड़कर इनका विस्तार किया जाना है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने 31 अक्टूबर को सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को पत्र जारी कर लंबित प्रक्रियाएं तत्काल पूरी करने का निर्देश दिया है।
प्रस्तावित नगर निकायों के गठन व विस्तार पर कुछ लोगों की आपत्तियों व परिवाद को देखते हुए डीएम ने इनकी जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है।
अधिकारियों को एक नवंबर तक सभी जरूरी दस्तावेज, निर्धारित प्रपत्र और नक्शे जिला पंचायत राज कार्यालय को उपलब्ध कराने हैं। इसके बाद प्रस्ताव जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के समक्ष रखा जाएगा।
सात क्षेत्रों में शहरीकरण का प्रस्ताव
जिला प्रशासन के प्रस्ताव के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों को नगर निकायों में शामिल करने की योजना है। इनमें कुछ पंचायतों को पूरी तरह जबकि कुछ को आंशिक रूप से शामिल करने का प्रस्ताव है।
कुरथौल : फुलवारीशरीफ प्रखंड की कुरथौल, चिलबिल्ली और परसा पंचायतों को मिलाकर नई नगर परिषद बनाने का प्रस्ताव है।
बख्तियारपुर : करनौती पंचायत को नगर परिषद बख्तियारपुर में शामिल करने की योजना है।
बाढ़ : बाढ़ और पंडारक प्रखंड की ईब्राहिमपुर, भेटगांव, नवादा, ढीबर, रैली और परसांवा पंचायतों को नगर परिषद बाढ़ में शामिल करने का प्रस्ताव है।
दनियावां : दनियावां, बांकीपुर मछरियावां और शाहजहांपुर पंचायतों को मिलाकर नई नगर पंचायत बनाने की योजना है।
फतुहा : मोमिंदपुर, पितांबरपुर, मौजीपुर और जेठुली पंचायतों को नगर परिषद फतुहा में शामिल करने का प्रस्ताव है।
मसौढ़ी : नूरा, निशियावां और कोसुत पंचायतों को नगर परिषद मसौढ़ी में शामिल करने की योजना है।
उलार : दुल्हिन बाजार प्रखंड की सेल्हौरी-बेल्हौरी, ऐनखों-भीमनीचक, लालाभदसारा, उलार-सोरमपुर और अच्छुआ-रकसिया पंचायतों को मिलाकर नई नगर परिषद बनाने का प्रस्ताव है।
आपत्तियों की जांच के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
नगर निकायों के गठन और विस्तार के प्रस्तावों पर स्थानीय स्तर पर मिले परिवादों को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। उप विकास आयुक्त शुभम कुमार ने नौ अक्टूबर को संबंधित अधिकारियों को शिकायतों में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया था।
हालांकि, इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई अब तक लंबित है। डीएम ने इस पर नाराजगी जताते हुए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को आपत्तियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
साथ ही जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति से अनुमोदन के बाद दोनों निर्धारित प्रपत्रों के साथ नजरी और गूगल मैप की मूल प्रति जमा करने का निर्देश दिया है।
प्रभारी मंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखे जाएंगे
नगर विकास एवं आवास विभाग ने प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर पांच नवंबर कर दी है। पहले स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण प्रक्रिया प्रभावित हुई थी।
अब निर्धारित समय में प्रस्तावों की समीक्षा कर उन्हें आगे बढ़ाने की तैयारी है। जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखे जाएंगे। उनकी समीक्षा के बाद ही गठन और विस्तार की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।