छठ के बाद परदेस वापसी का इंतजाम, पटना से चलेंगी 80 से ज्यादा स्पेशल ट्रेंनें; चेक करें रूट और टाइमिंग
छठ पर्व के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने पटना और आसपास के स्टेशनों से दिल्ली, मुंबई, हावड़ा ...और पढ़ें
-1794851429317_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छठ पर्व के बाद यात्रियों के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाईं।
पटना से दिल्ली, मुंबई सहित 80 से अधिक ट्रेनें उपलब्ध।
नवंबर अंत से दिसंबर तक चलेंगी, यात्रियों को मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, पटना। छठ पर्व समाप्त होने के बाद दूसरे शहरों में काम और पढ़ाई के लिए लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं।
पटना और आसपास के स्टेशनों से दिल्ली, आनंद विहार, हावड़ा, चंडीगढ़, फिरोजपुर सहित देश के विभिन्न शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
इन ट्रेनों का परिचालन नवंबर के अंतिम सप्ताह से लेकर दिसंबर के पहले सप्ताह तक अलग-अलग तिथियों में होगा। इससे नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची के बीच यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिल सकेगा।
पटना से नई दिल्ली के लिए 02253 और 02251 नंबर की वंदे भारत स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा 04087 नंबर की पटना-नई दिल्ली स्पेशल एक दिसंबर तक प्रतिदिन चलेगी।
04067 नंबर की पटना-नई दिल्ली स्पेशल 23 नवंबर तक प्रतिदिन उपलब्ध रहेगी। पटना-आनंद विहार स्पेशल (03293) का परिचालन 21 नवंबर तक रोजाना होगा।
वहीं, पाटलिपुत्र-आनंद विहार स्पेशल (04095) 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। दानापुर से आनंद विहार के लिए भी 03257 और 03231 नंबर की विशेष ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर चलाई जा रही हैं।
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन की परिचालन तिथि, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) से अवश्य प्राप्त कर लें।
हावड़ा, सियालदह और आसनसोल के लिए भी ट्रेनें
कोलकाता और आसपास के शहरों की यात्रा करने वालों के लिए पटना-हावड़ा स्पेशल (02024) 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी।
पटना-सियालदह स्पेशल (03136) 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और पटना-आसनसोल स्पेशल (03512) 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को उपलब्ध रहेगी।
चंडीगढ़ और फिरोजपुर के लिए साप्ताहिक ट्रेनें
पटना से चंडीगढ़ के लिए 04511 नंबर की स्पेशल ट्रेन 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और फिरोजपुर के लिए 04615 नंबर की ट्रेन 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी।
दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए पटना-चर्लपल्ली स्पेशल (03253) 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को परिचालित होगी। वहीं, पटना-मदार स्पेशल (09602) 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी।
अन्य रूटों पर भी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन
पूर्व मध्य रेल की ओर से पटना रूट के अलावा अन्य रेलखंडों पर भी यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी संख्या में पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
पूर्व मध्य रेल के क्षेत्राधिकार से गुजरने वाले विभिन्न रेलखंडों पर भी विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
किस रूट पर कितनी स्पेशल ट्रेनें
- दिल्ली और आनंद विहार रूट : 14 ट्रेनें
- मुंबई, पुणे और उधना रूट : 19 ट्रेनें
- कोलकाता, हावड़ा और सियालदह रूट : 12 ट्रेनें
- अहमदाबाद और गुजरात रूट : 7 ट्रेनें
- चंडीगढ़, अमृतसर और पंजाब रूट : 8 ट्रेनें
- दक्षिण भारत (बेंगलुरु, हैदराबाद, हुब्बल्ली, मैसुर और पोत्तनूर) : 9 ट्रेनें
- राजस्थान और अन्य पश्चिमी रूट : 5 ट्रेनें
- पूर्व मध्य रेल के स्थानीय रेलखंडों पर : 8 ट्रेनें
यह भी पढ़ें- छठ के बाद परदेस लौटने का इंतजाम, छपरा से दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 3 स्पेशल ट्रेनों का एलान