विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के बाद मुंबई लौटने वालों को राहत, जयनगर से चलेगी स्पेशल ट्रेन; मधुबनी-दरभंगा सहित इन स्टेशनों पर स्टॉपेज

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:22 PM (IST)

Jaynagar LTT Special Train: छठ महापर्व के बाद दूसरे राज्यों में लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. छठ बाद यात्रियों की भीड़ के लिए विशेष ट्रेन।

  2. जयनगर से मुंबई के लिए चार साप्ताहिक फेरे।

  3. मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर यात्रियों को मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। छठ महापर्व के बाद दूसरे राज्यों में लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने जयनगर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 05539/05540 जयनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-जयनगर साप्ताहिक विशेष ट्रेन नवंबर में कुल चार फेरे लगाएगी।

इस ट्रेन के परिचालन से मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर सहित मिथिलांचल के यात्रियों को मुंबई की ओर जाने में राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर की ओर से 13 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, गाड़ी संख्या 05539 जयनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 17 नवंबर को जयनगर से खुलेगी।

इसके बाद 24 नवंबर को भी इसका परिचालन होगा। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 05540 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-जयनगर स्पेशल 19 और 26 नवंबर को चलेगी। इस प्रकार दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे निर्धारित किए गए हैं।

मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर में ठहराव

जयनगर से चलने वाली यह विशेष ट्रेन मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर होते हुए मुंबई जाएगी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन जयनगर से रात 11:50 बजे प्रस्थान करेगी।

मधुबनी में रात 12:28 से 12:30 बजे तक, दरभंगा में रात 1:45 से 1:47 बजे तक और समस्तीपुर में सुबह 3 से 3:30 बजे तक ठहराव होगा। इसके बाद मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर और डीडीयू होते हुए आगे की यात्रा करेगी।

18 कोच के साथ होगा परिचालन

रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे। इनमें पांच एलडब्ल्यूएसीसीएन, छह एलएससीएन, पांच एलडब्ल्यूएस, एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम और एक एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं।

ट्रेन का परिचालन विद्युत इंजन से किया जाएगा। रेलवे ने संबंधित मंडलों को इस विशेष ट्रेन को नियमित मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के समान प्राथमिकता देते हुए समय पर परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही रास्ते में कोचों की सफाई और पानी भरने की व्यवस्था करने को कहा गया है।

यह भी पढ़ें- रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस और दरभंगा-गोमतीनगर अमृत भारत एक्सप्रेस को मिला नया स्टॉपेज, चेक करें शेड्यूल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।