Prakash Utsav 2026: गंगा के रास्ते पटना साहिब पहुंचेंगे सिख श्रद्धालु, बिहार सरकार ने बनाया मेगा प्लान
पटना साहिब में श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाशोत्सव के लिए तैयारियां जारी हैं। श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा ...और पढ़ें

पटना में प्रकाश पर्व की शुरुआत। फाइल फोटो
HighLights
360वें प्रकाशोत्सव के लिए पटना साहिब में तैयारियां जोरों पर।
श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा पहुंचाने हेतु गंगा में चलेंगे जलयान।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा कर निर्देश दिए।
राज्य ब्यूरो, पटना। सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की 360वीं जयंती पर आयोजित होने वाले प्रकाशोत्सव में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा नदी में तीन से चार जलयान चलाए जाएंगे।
श्रद्धालु इन जलयानों के माध्यम से गंगा के रास्ते गुरुद्वारा तक पहुंच सकेंगे। इसके लिए नजदीकी राज्यों अथवा संबंधित एजेंसियों से जलयान किराये पर लेने का निर्देश दिया गया है।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तैयारियों के साथ अन्य पहलुओं पर गहन मंथन किया गया। मुख्यमंत्री की बैठक के बाद अब प्रशासनिक महकमे तैयारियों में जुट गए हैं।
लाखों की संख्या में पहुंचेंगे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, प्रकाशोत्सव का मुख्य आयोजन नौ से 16 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है। आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पटना साहिब पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए आवागमन, ठहरने और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। गंगा के रास्ते जलयान परिचालन की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को आने-जाने का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। साथ ही सड़क मार्ग पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
सरकार ने वर्ष 2016-17 में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की 350वीं जयंती पर आयोजित प्रकाशोत्सव की तैयारियों का हवाला देकर कई विभागों को इन दायित्वों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि उस समय सरकार की ओर से प्रकाशोत्सव के दौरान किए गए कामों की देश भर में प्रशंसा की गई थी।
सरकार ने इसी छवि को बरकरार रखने के लिए इस बार भी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की देरी से बचने के निर्देश दिए गए हैं।