लोक आस्था का महापर्व: उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाओं ने किया 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण
पीलीभीत में लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। 36 घंटे के ...और पढ़ें

बीसलपुर चीनी मिल में उगते सूर्य देव की उपासना करते पूर्वांचल की महिला श्रद्धालु, स्रोत चीनी मिल कर्मचारी
HighLights
सुबह सरोवर के जल में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने की उपासना, सुबह 6:57 बजे हुए सूर्यदेव के दर्शन
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। उग हो सूरज देव भइल भिनसार, अरघ के रे बेरवा... और दर्शन दीहीं ना अपान हे दीनानाथ.. जैसे पारंपरिक लोकगीतों की मधुर गूंज के साथ सोमवार को लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ का विधिवत समापन हो गया। 36 घंटे के कठिन निर्जल व्रत का संकल्प लेने वाली महिलाओं ने सुबह उदयगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर व्रत का पारण किया।
शहर में छठ पूजा के मुख्य केंद्र बरहा रेलवे क्रासिंग स्थित सरोवर पर इस अद्भुत व अलौकिक दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

रविवार रात भर घरों में कोसी भराई और रात्रि जागरण के बाद, सोमवार तड़के चार बजे से ही व्रती महिलाएं अपने स्वजन के साथ घाट की ओर बढ़ने लगी थीं।

सिर पर दउरा और सूप लिए श्रद्धालु नंगे पांव घाट तक पहुंचे। ठंड परवाह किए बिना व्रती महिलाएं सरोवर के ठंडे जल में उतरकर भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा करने लगीं।

इस दौरान महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से छठी मइया का पूजन किया और पारंपरिक लोकगीत गाकर सूर्यदेव का आह्वान किया। सुबह 6:57 बजे जैसे ही आसमान की लालिमा के बीच सूर्यदेव के दर्शन हुए।

घाट पर छठी मइया की जय और सूर्यदेव की जय के जयकारे गूंज उठे। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर पूरी श्रद्धा के साथ सूप में रखे फल, ठेकुआ, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री के साथ उदीयमान सूर्यदेव को गाय के कच्चे दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया।

सूर्यदेव को अर्घ्य देकर महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली व पति व पुत्र की लंबी आयु और निरोगी काया की प्रार्थना की। अर्घ्य देने के बाद घाट पर ही मौजूद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद व्रती महिलाओं ने अन्न-जल ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जल व्रत का पारण किया।
पुलिस बल रहा तैनात
छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। घाट पर पुलिस बल तैनात रहा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को विशेष ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहीं।

पूजा के दौरान मार्ग पर जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए रास्ते पर चौपहिया व बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रही।
मेले जैसा रहा माहौल
शहर के बरहा क्रासिंग स्थित घाट पर सोमवार सुबह मेले जैसा उल्लासपूर्ण माहौल रहा। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट के बीच श्रद्धालु पहुंचे।

घाट पर बज रहे पारंपरिक छठ गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चे भारी उत्साह में नाचते-झूमते नजर आए। चारों तरफ भक्ति, उल्लास और आस्था का एक अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे पूरा शहर छठी मइया की भक्ति में सराबोर नजर आया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।