विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत में छठ की छटा: आज खरना के दिन आम की लकड़ी पर बनेगा 'रसिआव', फिर शुरू होगा 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:54 PM (GMT+05:30)

पीलीभीत में छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। आज खरना के दिन गुड़ की खीर (रसिआव) से ...और पढ़ें

बरहा क्रासिंग स्थित छट पूजा घाट को अंतिम रूप देते लोग और नहाए खाए की रस्म करती व्रती महिला जागरण

बरहा क्रासिंग स्थित छट पूजा घाट को अंतिम रूप देते लोग और नहाए खाए की रस्म करती व्रती महिला जागरण

HighLights

  1. शुक्रवार को नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व, आज खरना पर गुड़ की खीर से छठी मइया को लगेगा भोग

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। आजु खरना के दिनवा, रसिआव-रोटी छठी मइया के भोगवा... जैसे पारंपरिक लोकगीतों की मधुर गूंज के साथ लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की छटा पूरे शहर में छा गई है। पूर्वांचल और बिहार से आकर शहर में बसे परिवारों में पर्व को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।

शुक्रवार को व्रती महिलाओं ने नहाय-खाय की रस्म के साथ आत्मिक शुद्धि का संकल्प लेकर इस महापर्व का विधिवत शुभारंभ कर दिया है। नहाय-खाय की रस्म पूरी होने के बाद आज खरना की पवित्र रस्म अदा की जाएगी।

छठ पूजा को लेकर शहर पूरी तरह से भक्तिमय हो चुका है। शुक्रवार को सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रतियों ने नहाय-खाय की रस्म पूरी की। शनिवार को खरना के पावन अवसर पर व्रती पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी।

शाम को गन्ने के रस या गुड़ और चावल से विशेष खीर तैयार की जाएगी, जिसे छठी मइया को प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाएगा। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के उपरांत ही महिलाओं का 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा, जिसका पारण उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होगा।

शहर में मुख्य रूप से बरहा रेलवे क्रासिंग के निकट स्थित सरोवर पर छठ का विशाल मेला लगता है। यहां वेदियों की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है।

इसके अलावा रेलवे कालोनियों और रामनगर में पूर्वांचल व बिहार मूल के काफी लोग निवास करते हैं, जिनके घरों में उल्लास का माहौल है। पर्व को खास बनाने के लिए उनके रिश्तेदार भी शहर पहुंच चुके हैं।

पूरी शुद्धता से बनता है प्रसाद

छठ में शुद्धता का सर्वाधिक महत्व है। प्रसाद तैयार करने के लिए रसोई गैस सिलिंडर का बिल्कुल उपयोग नहीं किया जाता है। इसके बजाय गोबर के उपले और आम की सूखी लकड़ी जलाकर ही खरना का रसिआव और अन्य प्रसाद तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। गेहूं को अच्छी तरह धोकर और धूप में सुखाने के बाद घर की चक्की में ही उसकी पिसाई की जा रही है।

बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़

छठ पूजा को लेकर शहर के बाजारों की रौनक बढ़ गई है। शनिवार को कपड़ों की दुकानों पर सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ खरीदारी करती दिखी। पूजन सामग्री की दुकानों पर भी खूब रौनक है।

बाजार में नारियल, केला, सेब, गन्ना और नींबू के दामों में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद जमकर बिक्री हो रही है। कुम्हारों की दुकानों पर दीये, घड़े और मिट्टी के कलश खरीदने वालों का भी भीड़ उमड़ी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत में आज से छठ महापर्व की गूंज: 'नहाय-खाय' से शुरू हुआ 4 दिवसीय कठिन अनुष्ठान, दुल्हन से सजे घाट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।