पीलीभीत में आज से छठ महापर्व की गूंज: 'नहाय-खाय' से शुरू हुआ 4 दिवसीय कठिन अनुष्ठान, दुल्हन से सजे घाट
पीलीभीत में पूर्वांचल का चार दिवसीय महापर्व छठ आज से 'नहाय-खाय' के साथ शुरू हो रहा है। शहर के बरहा ...और पढ़ें

जोगराजपुर गांव में घाट का रंगरोगन करता श्रद्धालु और बरहा रेलवे क्रासिंग के समीप चल रही घाट की सफाई। जागरण
HighLights
पंचमी को अस्ताचलगामी और अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का पारण
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पूर्वांचल की लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से पूरे शहर में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू होने जा रहा है। पर्व को लेकर शहर में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार मूल के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
गुरुवार को शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई और वेदी निर्माण की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया। आज व्रती महिलाएं नहाय-खाय की सात्विक रस्म के साथ इस कठिन व्रत का संकल्प लेंगी।

शहर में छठ पर्व की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। पिछले कई दशकों से शहर के बरहा रेलवे क्रासिंग के पास स्थित सरोवर के तट पर छठ पूजा का विशाल मेला लगता आ रहा है।
यहां रेलवे में कार्यरत और सेवानिवृत्त होकर रामनगर कालोनी में बस चुके पूर्वांचल व बिहार के निवासी हर साल एकजुट होकर छठ पर्व मनाते हैं। इस बार भी पर्व को लेकर घाटों को संवारने का काम पूरा कर लिया गया है।
घाटों से गंदगी हटाकर उन्हें साफ-स्वच्छ बनाया गया है। घाट पर रोशनी की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है। शुक्रवार से नहाय-खाय के बाद महापर्व का मुख्य अनुष्ठान शुरू हो जाएगा।

इसके अगले दिन खरना का आयोजन होगा। पंचमी के दिन शाम के समय व्रती महिलाएं घाटों पर जल में खड़ी होकर अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
इसके अगले दिन यानी षष्ठी की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ ही इस कठिन निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा। महिलाएं इस व्रत को विशेष रूप से अपने पुत्र, पति और परिवार की सुख-शांति व दीर्घायु की कामना के लिए रखती हैं।
नहाय-खाय के साथ शुरू होगा अनुष्ठान
लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय की पारंपरिक रस्म के साथ होगी। यह रस्म शुद्धता और सात्विकता का प्रतीक है। इस दिन व्रती महिलाएं सुबह जल्दी उठकर स्नान करती हैं और नए या साफ कपड़े धारण करती हैं।
इसके बाद पूरी पवित्रता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाता है। जिसमें मुख्य रूप से लौकी की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल शामिल होता है।
इस भोजन को ग्रहण करने के बाद ही महिलाएं अपने चार दिवसीय कठिन और निर्जला व्रत का संकल्प लेती हैं। इसी के साथ छठ का महापर्व विधिवत आरंभ हो जाता है।
यह भी पढ़ें- UP Transfer: पीलीभीत में 5 PCS अधिकारियों के तबादले, नवागत अफसरों को सौंपी गई तहसीलों की कमान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।