विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना साहिब में 360वें प्रकाश पर्व की तैयारी: 20000 भक्तों के ठहरने की व्यवस्था; कंगन घाट तक चलेगी वाटर मेट्रो 

Published: Sat, 31 Oct 2026 08:41 AM (IST)

सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियां पटना साहिब में 'बिहार ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अधिकारियों के साथ बैठक। फोटो जागरण

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अधिकारियों के साथ बैठक। फोटो जागरण

HighLights

  1. 'बिहार है तैयार, जी आया नूं' थीम पर पर्व।

  2. 20,000 श्रद्धालुओं के लिए आवास, सुगम आवागमन।

  3. दीघा से कंगन घाट तक वाटर मेट्रो की तैयारी।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को लेकर पटना साहिब में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार प्रकाश पर्व बिहार है तैयार, जी आया नूं की थीम पर मनाया जाएगा।

9 से 16 जनवरी 2027 तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवासन और आवागमन को लेकर शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक की।

उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने 360वें प्रकाश पर्व के आयोजन की प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी।

वहीं, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न विभागों की तैयारियों और व्यवस्थाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। बैठक में बताया गया कि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए लगभग 20 से 30 एकड़ क्षेत्र में व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत करीब 20 हजार श्रद्धालुओं के आवासन की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पटना साहिब पहुंचेंगे। ऐसे में उनके आवागमन को सुगम और सुविधाजनक बनाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने तख्त श्री हरिमंदिर साहिब तक पहुंचने वाली सड़कों को व्यवस्थित करने तथा रास्ते में प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

पटना साहिब समेत अन्य स्टेशनों पर बढ़ेंगी सुविधाएं

श्रद्धालुओं के रेल से आगमन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक और पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के महाप्रबंधक को पटना साहिब रेलवे स्टेशन को विशेष रूप से विकसित एवं व्यवस्थित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने गुलजारबाग, राजेंद्रनगर और पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। पटना साहिब से पटना जंक्शन तक श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में विशेष बसों का परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

दीघा घाट से कंगन घाट तक वाटर मेट्रो चलाने की तैयारी

प्रकाश पर्व के दौरान सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने और श्रद्धालुओं को वैकल्पिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने दीघा घाट से कंगन घाट तक गंगा में वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की संभावना तलाशने का निर्देश दिया।

इसके लिए आवश्यक संसाधनों और संचालन व्यवस्था पर काम करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने कोलकाता से वाटर मेट्रो किराये पर लेने की संभावना पर भी विचार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

ठंड को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी तैनाती

जनवरी में ठंड के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व के दौरान हृदय रोग विशेषज्ञों समेत अन्य आवश्यक चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

जरूरत के अनुसार चिकित्सा शिविर और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके। आवासन स्थलों पर पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश और अन्य जरूरी सुविधाएं भी बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने को कहा।

दूध-दही की आपूर्ति से लेकर भीड़ प्रबंधन तक की तैयारी

प्रकाश पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की जरूरतों को देखते हुए विशेष बस सेवा के साथ अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। काम्फेड की ओर से दूध और दही की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा चलंत शौचालय, स्ट्रीट लाइट, चेकपोस्ट, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने तथा तैयारियों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रकाश पर्व में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

दरबार साहिब में मुख्यमंत्री ने टेका मत्था

समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मत्था टेककर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष जगजोत सिंह, महासचिव इंद्रजीत सिंह, वरीय उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, कनीय उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह और सचिव हरवंश सिंह ने मुख्यमंत्री को सिरोपा, श्री साहिब और प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधायक रत्नेश कुशवाहा, महापौर सीता साहू, पूर्व मुख्य सचिव जीएस कंग, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव एवं सचिव, पटना प्रमंडल के आयुक्त राजेश कुमार, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेंद्र राणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा और पटना सिटी की एसडीओ कशिश बक्शी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में पिता के संघर्ष को बेटियों ने बनाया अपनी ताकत, वर्दी में चमक रहीं मछैता की दो बहनें

यह भी पढ़ें- पटना का पाटलिपुत्र खेल परिसर होगा हाई-टेक: 8 लेन का नया सिंथेटिक ट्रैक बनेगा, बरमूडा घास से सजेगा मैदान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।