विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना का पाटलिपुत्र खेल परिसर होगा हाई-टेक: 8 लेन का नया सिंथेटिक ट्रैक बनेगा, बरमूडा घास से सजेगा मैदान

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

पटना का पाटलिपुत्र खेल परिसर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अपग्रेड किया जाएगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. 400 मीटर, 8-लेन सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का पुनर्निर्माण।

  2. विश्व एथलेटिक्स क्लास-1 सर्टिफिकेशन का लक्ष्य।

  3. आधुनिक ड्रेनेज और बरमूडा घास का मैदान तैयार होगा।

जागरण संवाददाता, पटना। प्रदेश के खेल बुनियादी ढांचे को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मजबूत करने के लिए खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर के एथलेटिक्स रनिंग ट्रैक और प्राकृतिक घास के मैदान का व्यापक नवीनीकरण और अपग्रेडेशन किया जाएगा।

परियोजना के तहत परिसर में स्थित 400 मीटर के आठ लेन वाले सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पुराने सिंथेटिक कंक्रीट को हटाकर, पुराने डामर (एस्फाल्ट) की मिलिंग की जाएगी और उस पर डामर की बिल्कुल नई परत बिछाई जाएगी।

पर अत्याधुनिक तकनीक वाली फुल-प्योर फुल-ईपीडीएम सिंथेटिक ट्रैक प्रणाली स्थापित की जाएगी। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण ने बताया कि यह ट्रैक वर्ल्ड एथलेटिक्स की तकनीकी आवश्यकताओं के तहत विकसित किया जा रहा है, जिसका लक्ष्य वर्ल्ड एथलेटिक्स क्लास-1 सर्टिफिकेशन हासिल करना है।

यह इस श्रेणी का बिहार का पहला सिंथेटिक ट्रैक होगा। इसके साथ ही, जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए नई ड्रेनेज लाइन और कलेक्शन चैंबर बनाए जाएंगे और विश्व स्तरीय मानकों वाले नए खेल उपकरण भी लगाए जाएंगे।

तैयार होगा आधुनिक प्राकृतिक घास का मैदान

ट्रैक के साथ-साथ परिसर के मैदान को भी आधुनिक रूप दिया जा रहा है। मैदान में जलजमाव रोकने और तेजी से पानी की निकासी के लिए जमीन के नीचे विशेष ड्रेनेज पाइप बिछाए जाएंगे।

बजरी की जल निकासी परत के ऊपर पूरी तरह से श्रेणीबद्ध रेत-आधारित रूटजोन तैयार कर उस पर ताजी बरमूडा घास लगाई जाएगी। मैदान की सिंचाई के लिए एक नया पाप-अप स्प्रिंकलर (स्वचालित छिड़काव) सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे पूरे मैदान में समान रूप से पानी का वितरण हो सके।

इस अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के तैयार होने से बिहार के एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग सुविधाएं और विश्व स्तरीय खेल मैदान मिल सकेंगे, जिससे वे भविष्य की बड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- ग्राहकों को परोसा जा रहा था बासी खाना? पटना के कई रेस्टोरेंट में मिली गड़बड़ी; जांच से मचा रहा हड़कंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।