विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्राहकों को परोसा जा रहा था बासी खाना? पटना के कई रेस्टोरेंट में मिली गड़बड़ी; जांच से मचा रहा हड़कंप

Published: Fri, 30 Oct 2026 08:34 PM (IST)

पटना और मुजफ्फरपुर में खाद्य संरक्षा विभाग ने जांच अभियान चलाया, जिसमें कई रेस्टोरेंट और होटलों में गंदगी, बासी व ...और पढ़ें

पटना के कई रेस्‍टोरेंट में जांच में म‍िली गड़बड़ी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

पटना के कई रेस्‍टोरेंट में जांच में म‍िली गड़बड़ी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना-मुजफ्फरपुर में जांच अभियान चलाया।

  2. रेस्टोरेंट में गंदगी, बासी और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली।

  3. सामग्री जब्त, नमूने जांच को भेजे, किचन बंद करने के निर्देश।

राज्य ब्यूरो, पटना। लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने पटना और मुजफ्फरपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया।

इस दौरान कई रेस्टोरेंट और होटल के किचन में गंदगी, बासी और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री तथा भंडारण में गड़बड़ी मिली। टीम ने ऐसी सामग्री जब्त कर नष्ट कराई।

कई जगह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए, जबकि मानकों का गंभीर उल्लंघन मिलने पर कुछ प्रतिष्ठानों के किचन बंद रखने का निर्देश दिया गया।

बिरयानी महल में 13 किलो चिकन और मटन जब्त

पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल में 13 किलोग्राम हाफ बॉयल्ड चिकन, तीन किलोग्राम वेज आइटम और डेढ़ किलोग्राम उबला मटन जब्त कर नष्ट कराया गया। इनकी कीमत करीब 3150 रुपये बताई गई है।

एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़े एफईएफओ एवं एफआइएफओ नियमों की व्यवस्था भी नहीं मिली। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना लिया।

एसके पुरी के बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल में भी वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं मिले। यहां से चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

दो बिरयानी रेस्टोरेंट के किचन बंद रखने का निर्देश

फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में एक्सपायर्ड दूध (तीन किलोग्राम), अमूल चीज (एक किलोग्राम), डेयरी क्रीम (एक किलोग्राम) सहित अन्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।

इनकी कीमत करीब दो हजार रुपये थी। यहां से कच्चे चिकन के दो नमूने भी लिए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमी मिलने पर तीन दिनों तक किचन बंद रखने का निर्देश दिया गया।

बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल के किचन में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे।

टीम ने कच्चे चिकन और मिर्च पाउडर के नमूने लिए। किचन की अस्वच्छ स्थिति के कारण दो दिनों तक इसे बंद रखने का निर्देश दिया गया।

अनमोल होटल से 36,650 रुपये की सामग्री जब्त

बुद्ध मार्ग स्थित जीपीओ के पास मेसर्स अनमोल होटल में साफ-सफाई की कमी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिला।

टीम ने पनीर, रोस्टेड चिकन, ग्रेवी, मंचूरियन मसाला, व्हाइट ग्रेवी मिक्स, कच्चा चिकन, पनीर फ्राई, मशरूम, मंचूरियन और कटी सब्जियों सहित कई खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, जब्त सामग्री की कीमत 36,650 रुपये थी।

यहां पनीर और चिकन के नमूने जांच के लिए भेजे गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट भी नहीं मिली।

खाद्य सामग्री के भंडारण में एफआइएफओ नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। प्रतिष्ठान को सात दिनों में कमियां दूर करने का नोटिस दिया गया।

मटन महल और टेस्टी ट्रीट में भी मिली गड़बड़ी

बिहार म्यूजियम के सामने बेली रोड स्थित मटन महल से सरसों तेल का नमूना जांच के लिए लिया गया। प्रतिष्ठान को खाद्य अनुज्ञप्ति बनवाने और सात दिनों के भीतर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में सड़ी-गली खाद्य सामग्री मिली। टीम ने दो किलोग्राम चिकन, एक किलोग्राम पीली दाल, एक किलोग्राम पकी मछली और तीन किलोग्राम ग्रेवी जब्त कर नष्ट कराई। इसकी कीमत करीब एक हजार रुपये बताई गई।

बिग बास्केट में भंडारण के नियमों का उल्लंघन

आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट (इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली।

एफईएफओ और एफआइएफओ नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। प्रतिष्ठान ने कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस और एफओएसटीएसी प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए। टीम ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिक्स दाल के नमूने जांच के लिए लिए।

मुजफ्फरपुर की एआर बेकरी में भी कार्रवाई

मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित एआर बेकरी में बिकाजी भुजिया, थम्स अप, स्प्राइट और माजा सहित खाद्य एवं पेय पदार्थों में अनियमितताएं मिलीं। टीम ने संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट कराई। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, इसकी कीमत करीब 2100 रुपये थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।