Patna Rajgir Highway: महज एक घंटे में तय होगी पटना से राजगीर की दूरी, 868 करोड़ की लागत से पूरा CM का सपना
राजधानी पटना से राजगीर की दूरी अब एक से डेढ़ घंटे के बीच तय की जा सकेगी। पथ निर्माण विभाग ने पटना से राजगीर तक के लिए नये फोर लेन हाइवे के निर्माण के लिए 868. 63 करोड़ की योजना को अपनी प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। पथ निर्माण विभाग की इस ग्रीन फील्ड सड़क से पटना से राजगीर की दूरी मात्र 75 किमी रह जाएगी।

भुवनेश्वर वात्स्यायन , पटना: राजधानी पटना से राजगीर की दूरी अब महज एक से डेढ़ घंटे के बीच तय की जा सकेगी। पथ निर्माण विभाग ने पटना से राजगीर तक के लिए नये फोर लेन हाइवे के निर्माण के लिए 868. 63 करोड़ की योजना को अपनी प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। पिछले महीने ही कैबिनेट से इस योजना को स्वीकृति मिली थी।
पथ निर्माण विभाग की इस ग्रीन फील्ड सड़क से पटना से राजगीर की दूरी मात्र 75 किमी रह जाएगी। वर्तमान में यह 105 से 108 किमी के बीच है। पटना-राजगीर हाईवे के बनने से राजगीर समेत राज्य के कई जिलों मे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह हाइवे बौद्ध सर्किट को जोड़ने वाला पर्यटन मार्ग होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समाधान यात्रा के क्रम में नालंदा जिले में बैठक की थी। उसी में तय हुआ था कि नालंदा के नूरसराय-अहियापुर-सिलाव होते हुए एनएच-82 सालेपुर से राजगीर तक चार लेन का हाईवे बनाया जाए।
इस तरह से जा सकेंगे राजगीर
अभी पटना से राजगीर जाने के लिए दो से तीन रास्ते हैं। पहला रास्ता पटना से बख्तियारपुर-बिहारशरीफ होते हुए राजगीर जाने का है। दूसरा रास्ता पटना से फतुहा-दनियांवां होते हुए राजगीर जाने का है। इसके अलावा पटना से गया होते हुए भी राजगीर पहुंचने का विकल्प है। इसका उपयोग कम होता है।
जिस तीसरे नए रास्ते को फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा। वह पटना के करौटा स्थित जगदंबा स्थान से शुरू होगा। यह फोरलेन सड़क पर है। वहां से दक्षिण तेलमर के रास्ते यह सड़क नरसंडा से सालेपुर तक जा रही है। यह 22 किमी सड़क है।
इस सड़क के निर्माण का मामला चल रहा है। जमीन अधिग्रहण भी चल रहा। वहीं सालेपुर से राजगीर के बीच की दूरी 20 किमी के करीब है।
इसे ग्रीन फील्ड फोर लेन के रूप में विकसित किए जाने को ले 868 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है।
3 फ्लाई ओवर और 70 करीब संरचनाओं का होगा निर्माण
इसके तहत तीन फ्लाईओवर व 70 के करीब छोटे पुल-पुलिया व कलवर्ट का निर्माण कराया जाएगा। इनके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में इस सड़क के 40 प्रतिशत काम को पूरा करना है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 80 प्रतिशत तक काम खत्म करना है। वहीं 2025-26 में इस सड़क का काम पूरा कर लिया जाना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।