Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Chunav 2025: वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन से BLO भी परेशान, एक ने सुनाया दर्द; दो हुए सस्पेंड

    पटना में हनुमान नगर आवास बोर्ड परिसर स्थित मतदान केंद्र पर मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण कार्य किया गया। बीएलओ को बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से परेशानी हुई। वहीं एजी कॉलोनी और पटेल नगर के केंद्रों पर भी फार्म भरने में लोगों को दिक्कतें आईं। जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर दो बीएलओ को निलंबित कर दिया और एक पर एफआईआर दर्ज कराई।

    By Jagran News Edited By: Rajesh KumarUpdated: Mon, 07 Jul 2025 12:41 PM (IST)
    Hero Image
    बीएलओ को बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से परेशानी हुई। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, पटना। हनुमान नगर आवास बोर्ड परिसर स्थित मतदान केंद्र पर रविवार को दोपहर एक बजे तक बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का विशेष सघन पुनरीक्षण कार्य किया जा रहा था। हालांकि, बूथ पर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक ही किया जाना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके बावजूद इस केंद्र पर दोपहर एक बजे तक बीएलओ जमे रहे। आवास बोर्ड केंद्र पर कुल चार बूथ हैं। जिसमें बूथ संख्या 93, 94, 95, 96 शामिल हैं। यहां न तो बीएलओ को बैठने की जगह दी गई थी और न ही कोई कमरा खोला गया था। सभी बीएलओ पेड़ के नीचे बैठकर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य करते दिखे।

    बूथ पर बैठने की जगह नहीं

    बीएलओ रचना भूषण, अर्पणा कुमारी, सत्येंद्र प्रसाद सिंह व विभा सिन्हा ने बताया कि सबसे अधिक परेशानी सूची में नाम खोजने में हो रही है। पुरानी मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। जिसके कारण नए मतदाता का नाम खोजने में परेशानी हो रही है।

    बूथ पर सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक व दोपहर 12 बजे के बाद डोर टू डोर जाकर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है। बूथ पर बैठने की जगह नहीं है। पेड़ के नीचे बैठकर मतदाता पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है और आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

    कहां हो रही परेशानी

    दोपहर के 12.45 बजे। सूरज की तपिश तेज थी। छुट्टी का दिन होने के कारण सड़कों पर आवाजाही कम थी। इधर, शहर के एजी कॉलोनी स्थित एक स्कूल परिसर में एक महिला फार्म लेकर पहुंची है, लेकिन वह भरा नहीं था। बीएलओ कहती है, यह खाली है, कृपया इसे भरकर दे दीजिए। वह कहती है, कृपया सर खुद ही भर दीजिए।

    बीएलओ थोड़ा हिचकिचाती है, फिर फार्म भरने में व्यस्त हो जाती है। पटेल नगर स्थित एक स्कूल केंद्र पर भी ऐसा ही नजारा है। बुजुर्ग दोपहर एक बजे पहुंची। उसके पीछे एक युवती भी आई। दोनों अलग-अलग स्थानों पर बैठे शिक्षकों के पास जाकर फार्म जमा करती हैं। दो से तीन मिनट में प्रक्रिया पूरी हो जाती है।

    दरअसल, ये शिक्षक आज मतदान बीएलओ की भूमिका में थे। इन्हें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष अभियान दिवस में फार्म वितरित करने व जमा करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

    बीएलओ सत्येंद्र सिंह के अनुसार, दिक्कत यह है कि सुबह 10 बजे के बाद अधिकांश लोग ड्यूटी पर चले जाते हैं, हम उनसे मिल नहीं पाते। नाम खोजने में बड़ी समस्या आती है। मसलन, अगर किसी परिवार में चार सदस्य हैं तो चारों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं।

    उन्हें खोजने में काफी समय लग जाता है। लोग फॉर्म भरने की जिद भी करते रहते हैं। विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान को गति देने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर हर सप्ताह शनिवार और रविवार को सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक कैंप लगाया जाना है।

    दो बीएलओ सस्पेंड, एक पर FIR

    उल्लेखनीय है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण कार्य में रुचि नहीं लेने, उदासीनता व स्वेच्छाचारिता बरतने तथा उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में दो बीएलओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही बीएलओ सुपरवाइजर के निलंबन की अनुशंसा की गई है।

    इनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करने तथा विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्देश संबंधित ईआरओ को दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    दानापुर के सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी विनोद कुमार विकास तथा प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी जफर इकबाल को निलंबित करने की अनुशंसा उनकी प्रशासनिक इकाई द्वारा की गई है।

    वहीं पुनरीक्षण कार्य करने से मना करने तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में बाल मध्य विद्यालय पुनाईचक के नगर शिक्षक सह बीएलओ हर्ष प्रकाश सुमन के विरुद्ध शास्त्रीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

    जिलाधिकारी ने इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मध्य विद्यालय पुरंदरपुर गोलघर के बीएलओ सह नगर शिक्षक उपेंद्र सिंह को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।