Patna News: पटना वालों ध्यान दें... इन रास्तों पर आज नहीं चलेंगे वाहन, शाम के बाद होगी गाड़ियों की एंट्री
Patna News Today पटना में चैती छठ के मौके पर आज कई रास्तों पर कमर्शियल वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। लोगों को कुछ देर के लिए असुविधा हो सकती है। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुरुस्त इंतजाम किए गए है। दीघा गांधी मैदान पाटलिपुत्र दानापुर पीरबहोर दीदारगंज सहित अन्य थानों से जुड़े घाटों पर चप्पे चप्पे पर पुलिस रहेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। Patna News: चैती छठ पूजा को लेकर घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रविवार की दोपहर दो बजे से लेकर शाम सात बजे तक और सोमवार की सुबह चार बजे से आठ बजे यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इसके दौरान गांधी मैदान से लेकर गायघाट तक किसी भी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
इन रास्तों पर व्यवसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित
वहीं दीदारगंज से गायघाट की ओर से कोई वाहन नहीं आयेगा। इस दौरान आपातकालीन सेवाओं वाली गाड़ियां चलेंगी। कई अन्य मार्गों पर व्यवसायिक वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। इसमें दीदारगंज से कारगिल चौक, अशोक राजपथ।
बाईपास थाना के सामने गुरू गोविन्द सिंह लिंक पथ होकर उत्तर की ओर और न्यू बाईपास में करमलीचक मोड़ से पटना सिटी की ओर, दीदारगंज चेक पोस्ट से पश्चिम अशोक राजपथ में और आशियाना मोड़ से दीघा की ओर व्यवसायिक वाहन नहीं चलेंगे।
वाहनों के लिए अलग अलग स्थानों पार्किंग स्थल तय किया गया है। अशोक राजपथ गेट नंबर-93, 88 और 63, पाटलीपथ के उपर जेपी सेतु दक्षिणी लेन, जेपी सेतु के नीचे पाया नंबर एक और दो के बीच, बांस घाट, कलेक्ट्रेट घाट, रामजीचक आरओबी, गांधी मैदान के अंदर, पटना कालेज मैदान, साइंस कालेज मैदान, गायघाट पुल के नीचे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। महापर्व के चलते रविवार दोपहर दो बजे से शाम सात बजे और सोमवार की सुबह चार बजे से आठ बजे तक आदेश लागू रहेगा
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए है। दीघा, गांधी मैदान, पाटलिपुत्र, दानापुर, पीरबहोर, दीदारगंज सहित अन्य थानों से जुड़े घाटों पर पुलिस मौजूद रहेगी। चौक चौराहों और पार्किंग स्थल के आसपास ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।
यह भी पढ़ें