Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में जारी रहेगी उमस भरी गर्मी, मधुबनी समेत इन इलाकों में होगी भारी बारिश
पुरवा हवाओं और कम बारिश के चलते बिहार में उमस भरी गर्मी का अनुभव हो रहा है। पटना समेत कई जिलों में तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में आंशिक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। मधुबनी समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर बारिश हुई।

जागरण संवाददाता, पटना। राज्य में चल रही पुरवा हवाओं और बारिश में कमी के कारण लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल हैं। सोमवार को पटना और आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही और चटक धूप निकलने के कारण पटना समेत अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 35.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। मोतिहारी में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान पटना और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और राज्य के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी।
कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश की संभावना है। दो दिनों के बाद राज्य के मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटों के दौरान सीवान, किशनगंज, गोपालगंज, कटिहार, पूर्वी चंपारण, भोजपुर, बक्सर, भभुआ, मुंगेर, गयाजी, बांका और शेखपुरा के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सीवान के महाराजगंज में सबसे ज़्यादा 37.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में तीन से पाँच डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।
इन जगहों पर दर्ज की गई बारिश
किशनगंज के गलगलिया में 35.6 मिमी, कटिहार के कुरसेला में 26.4 मिमी, पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर में 24.4 मिमी, भोजपुर के जगदीशपुर में 22.4 मिमी, सीवान के रघुनाथपुर में 21.4 मिमी, बेगुसराय के मटियानी में 18.4 मिमी, भोजपुर के बिहिया में 16.6 मिमी, भभुआ के कुदरा में 12 मिमी, भोजपुर के आरा में 10.4 मिमी. गयाजी के आमस में 10.2 मिमी, बक्सर के नावानगर में 8.6 मिमी, बांका के घुरिया में 8.6 मिमी, शेखपुरा के बरबीघा में 8.4 मिमी दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर | अधिकतम (डिग्री सेल्सियस) | न्यूनतम (डिग्री सेल्सियस) |
---|---|---|
पटना | 32.0 | 27.8 |
गयाजी | 32.2 | 26.3 |
भागलपुर | 29.2 | 27.2 |
मुजफ्फरपुर | 31.4 | 28.5 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।