Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Air India Plane Crash: जिस एयरपोर्ट से निकलकर खुशियां बिखेरती थी, वहीं ताबूत में खामोशी से आई मनीषा; सभी हुए भावुक

    Updated: Wed, 18 Jun 2025 09:19 AM (IST)

    पटना में एयर क्रैश में जान गंवाने वाली मनीषा थापा का शव पहुंचा। एयरपोर्ट पर परिवार वाले हमेशा मनीषा का स्वागत करते थे पर इस बार वह ताबूत में आई। घर पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। मनीषा की माँ अपनी बेटी को अंतिम बार देखने के लिए तड़प रही थी। नम आंखों से परिवार ने मनीषा को अंतिम विदाई दी।

    Hero Image
    चली गई मनीषा सब को रुला कर, अब वह कभी लौट कर नहीं आयेगी

    जागरण संवाददाता, पटना। मनीषा जब भी घर आती थी, तो स्वजन उसके स्वागत में एयरपोर्ट पर खड़े रहते थे। फूलों का गुलदस्ता देकर व गले लगा उसे रिसिव करते थे।

    समय के चक्र ने ऐसा मोड़ लिया, मनीषा आई तो जरूर लेकिन इस बार वह पूरी तरह एक ताबूत में खामोश लेटी थी। मनीषा को अंतिम विदाई देने के लिए घर पर लोगों का तांता लगा हुआ था।

    हर एक आंख नम थी, दादी बहुत रो रही थी। मां पागलों की तरह अपनी लाडली बेटी को अंतिम बार देखने के लिए तड़प रही थी। लेकिन बेटी ताबूत में बंद थी। लोग सब को समझाने में लगे थे।

    मां ने अपनी बेटी की अंतिम विदाई ताबूत पर कफन डाल किया, और घर से कुछ दूर पैदल चली। उन्हें यह एहसास हो गया कि मेरी बेटी अब सिर्फ सपनों में ही मिलेगी, वह अब कभी लौट कर नहीं आयेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एयर क्रैश में मनीषा ने गंवाई जान

    अहमदाबाद में एयर क्रैश में अपनी जान गंवा चकी क्रू मेम्बर मनीषा थापा का शव मंगलवार की दोपहर विमान से पटना एयरपोर्ट पहुंचा। जहां शव वाहन से ताबूत में बंद कर अंतिम दर्शन के लिए घर महुआबाग लाया गया।

    शव के महुआ बाग पहुंचते ही पूरा मोहल्ला उमड़ पड़ा। हर कोई मनीषा का अंतिम दर्शन करना चाह रहा था मगर ताबूत को खोला जाना संभव नहीं था।

    घर के आंगन में ताबूत में बंद शव को रखा गया। मनीषा के घर उसके सभी रिश्तेदार पहुंचे हुए थे। सब की आंखे नम थी।

    पोती का शव देख दादी अंतिम दर्शन की जिद करने लगी, मगर लोगों ने किसी प्रकार संभाला और फिर ताबूत पर कफन उनके हाथों से रखवा अंतिम विदाई दिलाई।

    मां, चाची, चाचा, भाई-बहन सब रो रहे थे। बारी बारी से सब ने ताबूत के ऊपर कफन एवं पुष्प रख अंतिम विदाई दी। करीब दो घंटे तक घर में अंतिम विदाई का विघि विधान होता रहा।

    इस दौरान शव के पास मनीषा के पिता राजू थापा और भाई साथ रहे। पिता रह रहकर दहाड़ मारकर रोते, भाई की सिसकिया बंद नहीं हो रही थी।

    मां को रिश्तेदार की महिलाएं संभालने के लिए लगी थी। वह रह रह कर बेहोश हो जाती। सभी मां को पकड़ कर शव तक लाए। शव को पिता ने कंधा देते हुए घर के बाहर किया, उनके साथ पुत्र भी था।

    घर की महिलाएं मां लक्ष्मी को पकड़ कर लेकर आई और बोली, चलो अब बेटी को अंतिम विदाई दे दो। बेटी का शव शव वाहन पर रखा जा चुका था। मां बेटी को अंतिम विदाई दी। शव वाहन पर रिश्ते के भाई सवार थे।

    शव वाहन आगे बढ़ी तो मां को सभी पकड़ घर लेकर आये। शव वाहन के पीछे पिता कार से चल रहे थे। उनकी आंखों से आंसू बह रहा था।

    मां घर में प्रवेश करते बोली, चली गई मनीषा सब को रूला कर अब वह कभी लौट कर नहीं आयेगी। पहले वह आती थी तब घर में बहार आ जाता था। आज बहारों की रानी हमेशा हमेशा के लिए चली गई।