पटना में छठ के चूल्हे गढ़ रहीं मुस्लिम महिलाएं, घर में लहसुन-प्याज तक छूना बंद
पटना में मुस्लिम महिलाएं छठ महापर्व के लिए मिट्टी के चूल्हे तैयार कर रही हैं, जो सांप्रदायिक सद्भाव और आस्था का प्रतीक है।

पटना में छठ के चूल्हे गढ़ रहीं मुस्लिम महिलाएं, घर में लहसुन-प्याज तक छूना बंद
HighLights
मुस्लिम महिलाएं पटना में छठ के लिए मिट्टी के चूल्हे बनाती हैं।
शकीला, शब्बो और मुस्कान जैसी महिलाएं दशकों से यह कार्य कर रही हैं।
यह पहल सांप्रदायिक सद्भाव और आस्था का सुंदर प्रतीक है।
सोनाली दुबे, पटना। छठ महापर्व सबको जोड़ता है। कोई व्रत करता है, कोई प्रसाद तैयार करता है। कोई सूप-दउरा बनाता है तो कोई घाट की सफाई में जुटता है। व्रत नहीं रखने वाले भी इस महापर्व की तैयारियों में अपना योगदान देते हैं। यहां न कोई भेद है, न कोई दूरी।
बस एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और आस्था का भाव। वीरचंद पटेल पथ पर मुस्लिम महिलाएं भी इसी भावना के साथ मिट्टी के चूल्हे तैयार करने में जुटी हैं। इनके बनाए चूल्हों पर छठ का प्रसाद तैयार होगा।
30 वर्षों से मिट्टी को दे रहीं आकार, परिवार भी साथ
शकीला खातून 30 वर्षों से छठ के लिए मिट्टी के चूल्हे बना रही हैं। इस बार भी उन्होंने 80 चूल्हे तैयार किए हैं। उनके साथ परिवार की दूसरी महिलाएं और बहू भी इस काम में हाथ बंटाती हैं।
शकीला बताती हैं कि एक चूल्हा बनाने में कम से कम एक घंटे का समय लगता है। पहले मिट्टी को तैयार किया जाता है। फिर चूल्हे का निचला हिस्सा बनाकर उसे ऊंचाई दी जाती है। इसके बाद मिट्टी की परत कुट्टी लगाकर उसे मजबूती दी जाती है।
चूल्हे बनाने के लिए वह दियादिहाड़ से गोरी मिट्टी मंगाती हैं। इस बार बारिश के कारण मिट्टी जुटाने में परेशानी हुई।
शकीला बताती हैं कि छठ के अलावा सालभर इन चूल्हों की मांग नहीं रहती। ऐसे में बाकी समय परिवार की महिलाएं बर्तनों की फेरी लगाती हैं। एक चूल्हे की कीमत करीब 200 रुपये है। परिवार की कई महिलाएं मिलकर इस काम को आगे बढ़ा रही हैं।
शब्बो ने बनाए 200 चूल्हे
शब्बो खातून भी हर साल छठ के लिए मिट्टी के चूल्हे बनाती हैं। इस बार उन्होंने अपनी सास के साथ मिलकर करीब 200 चूल्हे तैयार किए हैं। उनकी सास 15 से 20 वर्षों से यह काम कर रही हैं, जबकि शब्बो को इससे जुड़े करीब चार साल हुए हैं।
वह बताती हैं कि दो दिनों में 10 से 15 चूल्हे तैयार हो पाते हैं। तेज धूप रहे तो दो से तीन दिनों में चूल्हे सूख जाते हैं, जबकि धूप कम होने पर पांच दिन तक लग जाते हैं।इस बार बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। करीब 60 चूल्हे खराब हो गए।
घरों में गैस पर खाना बनने लगा है। ऐसे में चूल्हों की कीमत बढ़ाना भी मुश्किल होता है। ग्राहक 100 रुपये में चूल्हा मांगते हैं, जबकि कुछ लोग 120 से 130 रुपये तक देते हैं।
पहली बार चूल्हा बना रहीं मुस्कान, परिवार की परंपरा में जुड़ा नया हाथ
मुस्कान के घर में करीब 20 से 25 वर्षों से छठ के लिए चूल्हे बनाए जा रहे हैं। उनकी मां, दादी और परिवार की दूसरी महिलाएं इस काम में जुटती रही हैं। इस बार मुस्कान ने भी पहली बार चूल्हा बनाने का निर्णय लिया।
वह कहती हैं कि घर की सभी महिलाएं मेहनत करती हैं, तो उन्होंने भी सोचा कि क्यों न वह हाथ बंटाएं। अब तक करीब 50 से 60 चूल्हे तैयार कर चुकी हैं।
मुस्कान बताती हैं कि चूल्हे बनाने के दौरान उनके घर में कोई लहसुन-प्याज तक नहीं खाता। जब छठ के लिए चूल्हे बना रहे हैं तो घर में भी उसी के अनुरूप नियम का पालन करते हैं।
यह भी पढ़ें- 36 घंटे के निर्जला व्रत और लोक आस्था के महापर्व छठ की गूंज, रेवाड़ी में सजने लगे बाजार और घाट
यह भी पढ़ें- राजा प्रियव्रत या माता सीता... किसने किया था सबसे पहला छठ? जानिए सतयुग से कलियुग तक इस महापर्व का रहस्य
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।