विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजा प्रियव्रत या माता सीता... किसने किया था सबसे पहला छठ? जानिए सतयुग से कलियुग तक इस महापर्व का रहस्य

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:02 PM (GMT+05:30)

यह लेख मगध-बिहार में छठ महापर्व के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व को दर्शाता है, जहाँ सूर्योपासना सत्ययुग से कलियुग तक विभिन्न कथाओं से जुड़ी है।

मगध में औरंगाबाद स्थित देव सूर्य मंदिर। जागरण

मगध में औरंगाबाद स्थित देव सूर्य मंदिर। जागरण

HighLights

  1. छठ महापर्व मगध की सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपरा।

  2. सत्ययुग से कलियुग तक पौराणिक प्रसंगों से जुड़ा व्रत।

  3. प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक।

सनोज पांडेय, औरंगाबाद। मगध की सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपरा में छठ महापर्व का विशिष्ट स्थान है। पंचदेव उपासना की परंपरा में महाराष्ट्र की गणेश पूजा, बंगाल की दुर्गा पूजा, कांचीपुरम की विष्णु उपासना और उत्तराखंड की शिव आराधना की तरह मगध-बिहार की सूर्य उपासना को विशेष महत्व प्राप्त है।

छठ ऐसा महापर्व है, जिसमें अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देकर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। आचार्य पं. लालमोहन शास्त्री के अनुसार, छठ व्रत की परंपरा सत्ययुग से लेकर कलियुग तक विभिन्न पौराणिक प्रसंगों से जुड़ी रही है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, पुरुषों में सर्वप्रथम राजा प्रियव्रत ने पुत्र के जीवन की रक्षा के लिए कार्तिकेय की पत्नी देवसेना यानी षष्ठी देवी की उपासना की थी। वहीं, महिलाओं में भृगुनंदन च्यवन ऋषि की पत्नी राजकुमारी सुकन्या को प्रथम छठ व्रती माना जाता है।

मान्यता है कि नागकन्या के निर्देश पर उन्होंने देवकुंड में संध्या और सुबह अर्घ्य दिया था। इसके फलस्वरूप च्यवन ऋषि का अंधत्व दूर हुआ और उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिला। त्रेतायुग में औरंगाबाद के देव में राजा पुरुरवा द्वारा सूर्य उपासना किए जाने की मान्यता है। इसी युग में जनकनंदिनी सीता ने मिथिला में छठ व्रत किया था।

द्वापर युग में मुंगेर के राजा कर्ण सूर्य के अनन्य उपासक थे। सूर्य की कृपा से उन्हें कवच-कुंडल प्राप्त होने की कथा प्रचलित है। पंडित शास्त्री के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने भी कुष्ठ रोग से मुक्ति के लिए सूर्य अनुष्ठान कराया था।

वहीं, द्रौपदी की सूर्य उपासना और अक्षय पात्र की प्राप्ति का प्रसंग भी सूर्य आराधना की महिमा से जुड़ा है। कलियुग में सातवीं शताब्दी के महाकवि मयूर भट्ट ने सूर्य शतक की रचना कर सूर्य देव की स्तुति की थी।

मान्यता है कि उन्होंने देव में सूर्य अनुष्ठान किया और कुष्ठ रोग से मुक्ति पाई। इस प्रकार मगध की धरती पर छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सदियों से चली आ रही आस्था, लोक जीवन और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।

यह भी पढ़ें- छठ पर आस्था और कला का संगम: सूप पर मधुबनी पेंटिंग उकेर रहीं गया की प्रियंका, 200 व्रतियों को देंगी खास सौगात

यह भी पढ़ें- Chhath Puja: 1000 रुपये तक बिक रहा खास 'मेहीयका दउरा', अपने हुनर से परंपरा को जीवंत कर रहे कारीगर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।