पटना मनेर में सोन नदी के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सिर पर चोट के निशान और खून मिलने से हत्या का संदेह गहराया
पटना के मनेर थाना क्षेत्र में सोन नदी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। सिर पर ...और पढ़ें

सिर पर चोट के निशान
HighLights
सोन नदी के पास अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
संवादसूत्र, मनेर(पटना)। मनेर थाना क्षेत्र के रामपुर दियारा में सोन नदी के समीप शनिवार की अहले सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। शव के सिर पर चोट के निशान और खून मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शारीरिक तैयारी कर रहे युवकों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, रामपुर दियारा में सूर्य मंदिर से आगे सोन सोता के समीप शनिवार की सुबह कुछ युवक नौकरी के लिए शारीरिक तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान उनकी नजर एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। युवकों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
सूचना मिलने पर मनेर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को सीधा करने पर सिर से खून बहता दिखाई दिया। शरीर पर मिट्टी भी लगी हुई थी।
इन परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति के सिर पर किसी हथियार से वार किया गया होगा। हालांकि, हत्या की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
दूसरे जिले से शव लाकर फेंकने की भी आशंका
सोन नदी के समीप सुनसान स्थान पर शव मिलने के कारण यह आशंका भी जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और कर शव यहां फेंका गया हो।
सारण या भोजपुर जिले से शव लाए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक घटना के स्थान और परिस्थितियों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतक की पहचान कराने में जुटी पुलिस
फिलहाल घटना के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है और मामले की छानबीन कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों से घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- सिवान ब्लास्ट में 5 की मौत, छठी बच्ची मुस्कान मलबे में दबी; पटना टीम आने की चर्चा पर डीएम का बड़ा बयान
यह भी पढ़ें- सिवान ब्लास्ट में 5 की मौत: आलमपुर के एक दर्जन घरों में बनते हैं पटाखे, अमरुद्दीन के घर में पहले भी हो चुका था हादसा
