9 भाई, 11 बेटे और 8 बेटियां... छठ पर एक छत के नीचे जुटता है पूरा परिवार, एकजुटता की मिसाल बना दिनेश-फुलमती भवन
पटना के विजय नगर में दिनेश-फुलमती भवन में नौ भाइयों का एक संयुक्त परिवार होली और छठ महापर्व पर एकजुट होता है।

9 भाई, 11 बेटे और 8 बेटियां... छठ पर एक छत के नीचे जुटता है पूरा परिवार
HighLights
नौ भाई, 11 बेटे, 8 बेटियां एक साथ मनाते पर्व।
होली और छठ पर परिवार की एकजुटता की मिसाल।
दिनेश-फुलमती भवन में जुटता पूरा विशाल परिवार।
संवाद सूत्र, खगौल। बदलते दौर में जहां संयुक्त परिवारों का बिखराव आम होता जा रहा है, वहीं कुछ परिवार आज भी आपसी प्रेम, विश्वास और एकजुटता की परंपरा को जीवित रखे हुए हैं। ऐसा ही एक परिवार पटना के बेली रोड स्थित विजय नगर के दिनेश-फुलमती भवन में रहता है।
इस परिवार के नौ भाई भले ही रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में अलग-अलग प्रदेशों में रहते हों, लेकिन होली और छठ महापर्व आते ही सभी अपने परिवार के साथ एक छत के नीचे जुट जाते हैं।
एक साथ पर्व मनाने की यह परंपरा न केवल परिवार के लिए खुशियों का अवसर होती है, बल्कि आसपास के लोगों के बीच भी चर्चा और प्रेरणा का विषय बनी हुई है।
बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह बताते हैं कि उनके परिवार में नौ भाई, 11 बेटे, आठ बेटियां, चार पोते और दो पोतियां हैं। भाइयों में कोई लखनऊ, कोई हैदराबाद, बैंगलोर, ओडिशा, जमशेदपुर तो कोई राजस्थान में रहकर अपने कामकाज में लगा है।
इसके बावजूद पर्व के अवसर पर सभी किसी न किसी तरह अपने पैतृक परिवार के इस ठिकाने पर पहुंचते हैं। यहां सभी भाई, उनकी पत्नियां, बच्चे और पोते-पोतियां मिलकर पर्व मनाते हैं। महिलाएं एक साथ रसोई संभालती हैं और परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
धर्मेंद्र कहते हैं कि फोन पर तो रोज बातचीत होती रहती है, लेकिन सभी का एक साथ बैठना और हंसी-खुशी समय बिताना अलग ही आनंद देता है।
उनकी पत्नी इंदु देवी बताती हैं कि होली और छठ ही ऐसे अवसर हैं, जब परिवार की सभी महिलाएं, बेटे-बेटियां और बच्चे एक साथ नजर आते हैं। मिलजुलकर पर्व मनाने और एक-दूसरे के साथ समय बिताने से परिवार का स्नेह और मजबूत होता है। इस बार परिवार के 10 सदस्य छठ व्रत कर रहे हैं, जिनमें सात महिलाएं और तीन पुरुष व्रतधारी हैं।
धर्मेंद्र कुमार सिंह बताते हैं कि उनका मूल गांव बिक्रम प्रखंड का इब्राहिमपुर है। उनके पिता स्वर्गीय दिनेश कुमार सिंह और माता स्वर्गीय फुलमती देवी ने करीब 26 वर्ष पहले पटना के विजय नगर में इस भवन का निर्माण कराया था।
नौ भाइयों में सबसे बड़े सत्येंद्र कुमार सिंह, दूसरे नंबर पर राघवेंद्र कुमार सिंह और तीसरे नंबर पर धर्मेंद्र कुमार सिंह हैं। इनके बाद उपेंद्र, भूपेंद्र, भवेन्द्र, शैलेन्द्र, हितेंद्र और पूर्णेंद्र कुमार सिंह हैं।
धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि आज के समय में परिवारों में छोटी-मोटी बातों पर मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन आपसी बातचीत, विचारों के आदान-प्रदान और सहमति से हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। जरूरी है कि लोग एक-दूसरे का सम्मान करें और परिवार की एकजुटता बनाए रखें।
उनका मानना है कि परिवार का साथ और बुजुर्गों से मिले संस्कार ही आने वाली पीढ़ियों को प्रेम, सौहार्द और अपनी संस्कृति से जोड़े रखते हैं।
यह भी पढ़ें- नहाय-खाय के दिन पकौड़ा बनाने की है परंपरा, भगवान सूर्य को भी चढ़ाया जाता है यह मौसमी फूल
यह भी पढ़ें- 80 पार की उम्र और 58 साल की अटूट आस्था: छठ की खातिर अमेरिका से दुमका लौटीं महापति देवी, जुटा पूरा परिवार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।