नहाय-खाय के दिन पकौड़ा बनाने की है परंपरा, भगवान सूर्य को भी चढ़ाया जाता है यह मौसमी फूल
छठ पूजा के लिए बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां पूजन सामग्री के साथ अगस्त के फूल की मांग ...और पढ़ें
-1794484814196_m.webp)
HighLights
अगस्त के फूल की कीमत 500 रुपये प्रति किलो तक पहुंची।
नहाय-खाय के दिन पकौड़े बनाने की है परंपरा।
भगवान सूर्य को भी अर्पित किया जाता है यह फूल।
जागरण संवाददाता, आरा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा (Chhath Puja 2026) को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। व्रतियों और उनके स्वजन पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हुए हैं। फल, सब्जी, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्रियों के साथ इस बार बाजार में अगस्त के फूल की भी खूब मांग देखने को मिल रही है।
कार्तिक महीने में खिलने वाले इस मौसमी फूल की कीमत बाजार में 500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इसके बावजूद लोग इसे खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। अगस्त का फूल छठ पर्व की पारंपरिक खानपान संस्कृति का अहम हिस्सा माना जाता है।
खासकर नहाय-खाय के दिन इस फूल के पकौड़े बनाने की परंपरा है। व्रती और उनके परिवार के सदस्य इसे प्रसाद स्वरूप ग्रहण करते हैं। कई घरों में इसकी सब्जी और अन्य पारंपरिक व्यंजन भी बनाए जाते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस फूल को भगवान सूर्य को भी अर्पित किया जाता है।
यही वजह है कि छठ के मौके पर इसकी मांग अचानक बढ़ जाती है। अगस्त का फूल एक मौसमी फूल है, जो मुख्य रूप से कार्तिक महीने के आसपास खिलता है। इसकी उपलब्धता सीमित अवधि के लिए होती है। सामान्य दिनों में इसकी विशेष मांग नहीं रहती, लेकिन छठ पूजा नजदीक आते ही इसकी खरीदारी तेज हो जाती है।
ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग इसे बाजार में बेचने के लिए लाते हैं। इसकी सीमित उपलब्धता और पर्व के दौरान बढ़ती मांग के कारण कीमत में तेजी आ जाती है। इस बार बाजार में इसकी कीमत लगभग 500 रुपये प्रति किलो बताई जा रही है।
औषधीय गुणों को लेकर भी है चर्चा
अगस्त के फूल को पारंपरिक खानपान और लोक चिकित्सा में भी महत्व दिया जाता है। इसे छोटी, रुचि, बुद्धि और याददाश्त बढ़ाने वाला माना जाता है। पारंपरिक मान्यताओं में इसके सेवन को एनीमिया में लाभकारी बताया जाता है।
इसके अलावा कीड़े के काटने पर विष का प्रभाव कम करने और सूजन घटाने में भी इसके उपयोग की चर्चा होती है। हालांकि, इन औषधीय गुणों को लेकर पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं। किसी बीमारी के उपचार के लिए इसका इस्तेमाल चिकित्सकीय सलाह के बिना नहीं करना चाहिए।
आस्था के साथ जुड़ी है परंपरा
छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि लोक परंपराओं और खानपान से जुड़ा महापर्व भी है। इसमें मौसम के अनुसार उपलब्ध होने वाले फल, फूल और अनाज का विशेष महत्व रहता है। अगस्त के फूल की खरीदारी भी इसी परंपरा का हिस्सा है।
नहाय-खाय से लेकर खरना और अर्घ्य तक बाजार में पूजन सामग्रियों की मांग बनी रहती है। महंगाई के बावजूद लोग परंपरा के अनुसार सामग्री खरीद रहे हैं। बाजारों में बढ़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि छठ को लेकर लोगों में आस्था और उत्साह बरकरार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।