खासमहल जमीन विवाद: क्या बिना प्रोबेट के वसीयत पर किया जा सकता है संपत्ति का दावा? पटना HC ने सुनाया अहम फैसला
पटना हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पावर ऑफ अटॉर्नी की अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित व्यक्ति का प्रतिनिधि मुकदमे की पैरवी जारी नहीं रख सकता।

पावर ऑफ अटॉर्नी खत्म होने के बाद प्रतिनिधि नहीं कर सकता मुकदमे की पैरवी (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
पावर ऑफ अटॉर्नी समाप्त होने पर प्रतिनिधि नहीं कर सकता पैरवी।
पटना हाई कोर्ट ने खासमहल भूमि विवाद याचिका का किया निष्पादन।
वसीयत के दावे को प्रोबेट न होने से खारिज नहीं किया जा सकता।
विधि संवाददाता, पटना। पटना हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पावर ऑफ अटॉर्नी की अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित व्यक्ति की ओर से उसका प्रतिनिधि मुकदमे की पैरवी जारी नहीं रख सकता, जब तक उसे नया प्राधिकार प्राप्त न हो।
न्यायाधीश राज कुमार की एकलपीठ ने पटना के एक पुराने खासमहल भूमि विवाद से जुड़े मामले में यह टिप्पणी करते हुए याचिका को गुण-दोष पर फैसला किए बिना निष्पादित कर दिया।
याचिकाकर्ता अशोक पटनायक ने हेजल रोजालिंड सैली गोर की ओर से पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर याचिका दायर की थी। विवाद पटना के गांधी मैदान इलाके में स्थित करीब एक बीघा 13 कट्ठा खासमहल जमीन और उस पर बने मकान से संबंधित है।
याचिका में पटना प्रमंडल के आयुक्त द्वारा 10 मई, 2013 को पारित उस आदेश को चुनौती दी गई थी, जिसमें जिलाधिकारी की अनुशंसा पर उक्त संपत्ति का लीज समाप्त कर उसे सरकार के कब्जे में लेने और याचिकाकर्ता को बेदखल करने का निर्देश दिया गया था।
राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता एसडी संजय ने याचिका की पोषणीयता पर प्रारंभिक आपत्ति उठाते हुए कहा कि अशोक पटनायक का संपत्ति में स्वतंत्र रूप से कोई अधिकार या हित नहीं है। वे केवल केयरटेकर की भूमिका में थे।
उनके पक्ष में सैली गोर द्वारा निष्पादित पावर ऑफ अटॉर्नी भी 12 वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद 2024 में समाप्त हो चुकी है।
कोर्ट ने पाया कि सैली गोर ने वर्ष 2017 के बाद से इस मामले में कोई नया शपथपत्र या प्राधिकार पत्र दाखिल नहीं किया। ऐसे में अशोक पटनायक अब समाप्त हो चुकी पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर मुकदमे की पैरवी जारी नहीं रख सकते।
हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हेजल मारिसन द्वारा वर्ष 2006 में सैली गोर के पक्ष में निष्पादित वसीयत के आधार पर दावा केवल प्रोबेट नहीं होने के कारण खारिज नहीं किया जा सकता।
भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 213 में भारतीय ईसाइयों को पहले से प्राप्त छूट तथा वर्ष 2025 में इस धारा को हटाए जाने का उल्लेख करते हुए कोर्ट ने कहा कि प्रोबेट का अभाव अपने आप में वसीयत के आधार पर किए गए दावे को समाप्त नहीं करता।
कोर्ट ने सैली गोर को संपत्ति पर अपने उत्तराधिकार संबंधी अधिकार को सक्षम सिविल न्यायालय में स्थापित करने और उसके बाद वर्तमान याचिका को पुनर्जीवित कराने अथवा कानून के तहत अन्य उचित उपाय अपनाने की स्वतंत्रता दी है।
एकलपीठ ने साफ किया कि संपत्ति की वसीयत की प्रामाणिकता, उसके कानूनी प्रभाव, सरकार के संपत्ति को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई की वैधता और पक्षकारों के वास्तविक अधिकारों पर कोई अंतिम निर्णय नहीं दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बिहार में फर्जी प्रमाणपत्र वाले शिक्षकों की सेवा होगी समाप्त, समयबद्ध तरीके से सेवा होगी समाप्त
यह भी पढ़ें- 'अतिक्रमण बताकर मनमाने ढंग से नहीं तोड़ सकते किसी का घर', बुलडोजर एक्शन पर पटना हाई कोर्ट का फैसला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।