बिहार में फर्जी प्रमाणपत्र वाले शिक्षकों की सेवा होगी समाप्त, समयबद्ध तरीके से सेवा होगी समाप्त
Bihar Fake Teacher Certificate News: शिक्षा विभाग ने 2006-2021 के बीच फर्जी प्रमाणपत्रों पर नियुक्त शिक्षकों की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया है। निगरानी जांच में फर्जी पाए गए शिक्षकों पर प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी।

शिक्षा विभाग के निदेशक प्रशासन विजय कुमार पाण्डेय ने 21 नवंबर को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है।
HighLights
फर्जी प्रमाणपत्र वाले शिक्षकों की सेवा होगी समाप्त।
2006-2021 के नियोजन में गड़बड़ियों पर कार्रवाई।
फर्जी प्रमाणपत्र पर प्राथमिकी भी दर्ज होगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Education Department Action Fake Teachers: फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर शिक्षक की नौकरी पाने वालों के विरुद्ध अब समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने वर्ष 2006 से 2021 के बीच पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के माध्यम से हुए शिक्षक नियोजन में गड़बड़ियों की पहचान कर संबंधित शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में शिक्षा विभाग के निदेशक प्रशासन विजय कुमार पाण्डेय ने 21 नवंबर को सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है।
चार श्रेणियों में होगी पहचान
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बावजूद कई मामलों में संबंधित नियोजन इकाइयों की ओर से सेवा समाप्ति का अंतिम निर्णय लंबित है और ऐसे शिक्षक अब भी कार्यरत रहने व वेतन का दावा कर रहे हैं।
विभाग ने ऐसे मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा है। निर्देश के अनुसार फर्जी शिक्षकों की पहचान फेक नियुक्ति, प्रतिरूपण, अमान्य संस्थान से प्रमाणपत्र और मान्य संस्थान के नाम पर फर्जी प्रमाणपत्र की चार श्रेणियों में की जाएगी।
प्राथमिकी व सेवा समाप्ति
नियुक्ति के समय अनिवार्य योग्यता नहीं होने की पुष्टि पर सक्षम प्राधिकार नियमानुसार सेवा समाप्त करने की कार्रवाई करेंगे, जबकि फर्जी प्रमाणपत्र को असली बताकर नियोजन पाने का मामला प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
फर्जी नियुक्ति के मामलों में भी विधिसम्मत कार्रवाई अविलंब करने को कहा गया है और इसके लिए अलग चेकलिस्ट भी उपलब्ध कराई गई है।
निगरानी जांच से जुड़ा यह मामला पटना उच्च न्यायालय में रंजीत पंडित एवं अन्य की जनहित याचिका से शुरू हुआ था, जिस पर 25 अगस्त 2015 को निगरानी जांच का आदेश हुआ था और तीन अप्रैल 2024 को याचिका बंद हुई थी।