Updated: Mon, 01 Sep 2025 06:46 PM (IST)
पटना सिटी को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए गंगा किनारे नई सड़क का निर्माण होगा। गायघाट से दीदारगंज तक बनने वाली फोरलेन सड़क का शिलान्यास हो चुका है। इस सड़क से जुड़ने वाली नौ गलियों का भी विकास किया जाएगा। इन गलियों के बनने से नागरिकों और श्रद्धालुओं को गंगा घाटों तक पहुंचने में आसानी होगी।
अहमद रजा हाशमी, पटना सिटी। सिटी की जाम समस्या से पटना साहिब क्षेत्र को पूर्ण रूप से छुटकारा दिलाने के लिए एक साथ कई योजनाओं पर काम शुरू हो गया है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए गायघाट से दीदारगंज तक 7.80 किलोमीटर लंबी गंगा किनारे की सड़क का चौड़ीकरण कार्य जल्द शुरू होगा।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
जेपी गंगा पथ के समानांतर वाली इस फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया जा चुका है। 158.40 करोड़ से बनने वाली इस सड़क से जुड़ने वाली पटना सिटी की नौ लंबी गलियों को विकसित किया जाएगा।
अशोक राजपथ से गंगा घाटों को जोड़ने वाली इन महत्वपूर्ण गलियों के सुगम रास्ते का लाभ नागरिकों, व्यापारियों के साथ छठ के दौरान घाटों तक पहुंचने वाले हजारों व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को मिलेगा।
स्थानीय विधायक सह बिहार विधान सभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने इन बातों का उल्लेख करते हुए बताया कि नगर विकास विभाग द्वारा पटना सिटी के विभिन्न वार्ड की नौ लंबी गलियों के साथ नाला निर्माण कार्य सितंबर में आरंभ हो जाएगा।
विकसित होने वाली गलियों में बुंदेलटोली घाट गली, पीरमरिया घाट गली, नंदगोला घाट गली, नुरुद्दीनगंज घाट गली, अदरक घाट गली, महाराज घाट गली, शरीफागंज घाट गली, मिरचाई घाट गली, टेढ़ी घाट गली शामिल है। इनकी प्रशासनिक स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर हो चुका है।
इन गलियों से अशोक राजपथ और गंगा किनारे बनने वाली फोर लेन सड़क सीधे जुड़ जाएगी। विधायक यादव ने बताया कि एक सौ करोड़ रुपए से विभिन्न वार्ड की अन्य गलियों का निर्माण कार्य कई जगहों पर शुरू हो गया है। कई जगहों पर कार्य शुरू करने की प्रक्रिया जारी है।
विधायक ने कहा कि पटना साहिब विधान सभा क्षेत्र की एक भी गली बदहाल नहीं रहेगी। विकसित की जा रही गलियों से गायघाट, भद्रघाट, महावीर घाट, नौजर घाट, खाजेकलां घाट, कंगन घाट, मालसलामी से लेकर दीदारगंज घाट क्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी।
गंगा तट की फोरलेन सड़क और विकसित हो रहे भद्रघाट, महावीर घाट, नौजर घाट के साथ वहां बन रहे पांच पार्कों तक लोगों का पहुंचना सुविधाजनक हो जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।