'लालू सामाजिक न्याय के नहीं, भ्रष्टाचार के प्रतीक', सम्राट चौधरी ने वोट अधिकार यात्रा को बताया नौटंकी
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा को नौटंकी बताते हुए भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा कहा। उन्होंने राजद प्रमुख लालू यादव को भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया और कांग्रेस पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा को घुसपैठियों को बचाने का प्रयास बताया और बिहार के पिछड़ेपन के लिए कांग्रेस और लालू परिवार को जिम्मेदार ठहराया।

राज्य ब्यूरो, पटना। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा को नौटंकी बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के जरिए ''चोर चोर मौसेरे भाई'' आपस में मिले।
एक परिवार ने देश को लूटा और दूसरे परिवार ने बिहार को लूटने का काम किया। वहीं, राजद प्रमुख लालू यादव सामाजिक न्याय नहीं, भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं। सम्राट ने रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि एक नेता कह रहे हैं कि SIR से वोटों की चोरी हो रही है।
इस दौरान एक तस्वीर दिखाते हुए उप मुख्य्मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि यह तस्वीर बूथ कैप्चरिंग की है। यह दिखाती है कि सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी एवं राजेश खन्ना एक ही बूथ पर सब लोग बैलेट डाल रहे हैं। यह तस्वीर स्वयं कांग्रेस ने जारी की है। उन्होंने कहा कि ये बूथ कैप्चरिंग कर रहे हैं।
लालू यादव भ्रष्टाचार के प्रतीक: सम्राट चौधरी
सम्राट ने बिहार को लोकतंत्र की जननी बताते हुए कहा कि श्रीबाबू प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कई नेताओं के नाम गिनाते हुए कहा कि यहां सामाजिक न्याय तभी स्थापित नहीं हुआ था। कुछ लोग कहते हैं लालू यादव सामाजिक न्याय के पुरोधा हैं, लेकिन सही में ये तो भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं।
उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा घुसपैठियों को बचाने के लिए की जा रही है, जो पूरा देश जानता है। 2003 में जब एसआईआर हुआ था, तब भी लाखों लोगों के नाम काटे गए। यह यात्रा सिर्फ नौटंकी है। उन्होंने कहा कि अगर आज बिहार गरीब एवं पिछड़ा है, तो उसके लिए कांग्रेस या लालू परिवार जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि अब तो पंजीकृत अपराधी लालू यादव के नेतृत्व में राहुल गांधी हैं। जो व्यक्ति भ्रष्टाचारी का आशीर्वाद लेकर अपनी यात्रा शुरू करता है, वह जनता की भलाई कैसे कर सकता है?
सम्राट ने कहा कि ये लोग संविधान की रक्षा करने वाले नहीं, संविधान विरोधी हैं। ये बिहार के लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। इन्हें न चुनाव आयोग पर विश्वास है, न संविधान पर विश्वास है।
उन्होंने कहा कि बिहार के सीएम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में और पीएम नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार आगे बढ़ रहा है। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन एवं मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।