Bihar Crime: पटना के कंकड़बाग में कर्ज विवाद में चाकूबाजी, तीन गिरफ्तार
पटना के कंकड़बाग इलाके में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना आपसी विवाद का परिणाम थी जिसमें डॉक्टर द्वारा लिए गए कर्ज की वसूली का मामला भी शामिल है।

जागरण संवाददाता, पटना। कंकड़बाग थाना क्षेत्र के रामलखन पथ पर रविवार को पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। तीन लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक की पहचान 47 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है, जिसके चेहरे और पेट में चाकू मारा गया है। उसे बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कुछ ही देर में तीनों आरोपियों डॉ. रवि कुमार, विशाल कुमार और सिद्धार्थ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी भाई हैं और कंकड़बाग के इंदिरा नगर के रहने वाले हैं।
घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। डीएसपी सदर-1 अभिवन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि आपसी विवाद के कारण यह घटना हुई। तीनों आरोपियों के खिलाफ कंकड़बाग थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
राजेश कुमार कंकड़बाग के रामलखन पथ में रहते हैं। वह एक सरकारी विभाग में क्लर्क के पद पर तैनात हैं। उनके कई मकान और दुकानें किराए पर हैं। रविवार को जब राजेश घर के पास थे, तभी डॉ. रवि अपने भाइयों के साथ वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पैसों को लेकर बात शुरू हुई, जो विवाद में बदल गई।
आरोप है कि डॉक्टर और उनके एक भाई ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर पुलिस को सूचना दी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट दिखाई दे रही है।
डॉक्टर ने लिया था 30 लाख रुपये का कर्ज
डॉक्टर रवि कुमार का जक्कनपुर थाना क्षेत्र में डेंटल क्लिनिक है। उन्होंने राजेश कुमार से 30 लाख रुपये का कर्ज लिया था, जिसकी वसूली को लेकर विवाद चल रहा था।
घायल राजेश के बेटे ने बताया कि उन्होंने एक साल पहले फैक्ट्री खोलने के लिए कर्ज लिया था। बार-बार मांगने पर भी वह पैसे नहीं लौटा रहे थे। रविवार को जब वह पैसे लेने गए, तो उन्होंने अपने पिता को जान से मारने की कोशिश की।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।