विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gopal Khemka Murder: पूछताछ में बीते चार दिन, किस जमीन के लिए की गई हत्या? खुलेंगे गहरे राज

By Ashish Shukla Edited By: Rajesh Kumar
Published: Tue, 15 Jul 2025 08:55 AM (IST)

पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में शूटर उमेश यादव और मास्टरमाइंड अशोक साव से पुलिस पूछताछ कर रही है। ...और पढ़ें

पुलिस जमीन विवाद और अन्य संदिग्धों से जुड़े सबूत तलाश रही है। फाइल फोटो
पुलिस जमीन विवाद और अन्य संदिग्धों से जुड़े सबूत तलाश रही है। फाइल फोटो

HighLights

  1. खेमका हत्याकांड शूटर और मास्टरमाइंड से पूछताछ जारी |
  2. पुलिस की रडार पर आए तीन और संदिग्ध |
  3. जमीन विवाद में हुई थी गोपाल खेमका की हत्या |

जागरण संवाददाता, पटना। प्रसिद्ध उद्योगपति गोपाल खेमका हत्याकांड में शामिल शूटर उमेश यादव और मास्टरमाइंड अशोक साव से पूछताछ सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। एसआइटी की टीम और एसटीएफ ने अशोक के सामने जमीन के कई दस्तावेज, सीडीआर में मिले संदिग्ध नंबर और अन्य तरह के साक्ष्य पेश किए हैं और इससे जुड़े सौ से अधिक सवाल पूछे हैं।

इसके बाद भी पुलिस यह बताने की स्थिति में नहीं है कि किस जमीन या किस प्लॉट के विवाद में गोपाल खेमका की हत्या की गई? हालांकि पूछताछ के बाद जो बातें सामने आई हैं, उसके अनुसार तीन अन्य लोग पुलिस की रडार पर हैं। इनमें से दो अशोक के करीबी बताए जा रहे हैं।

पुलिस उनके खिलाफ ठोस सबूत तलाशने में जुटी है। पुलिस उमेश और अशोक साव को पांच दिनों के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। एसआइटी से जुड़े एक अधिकारी की मानें तो जरूरत पड़ने पर अशोक साव को फिर से रिमांड पर लिया जा सकता है।

फिलहाल अभी एक दिन का समय बाकी है और जांच भी सही दिशा में जा रही है। ऐसे में इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि इसमें दो से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि दोनों से पूछताछ जारी है।

गिरफ्तारी सूत्रों की मानें तो अशोक और उमेश को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई है। उमेश ने पुलिस को वही बातें बताईं जो उसने गिरफ्तारी के समय बताई थी। अशोक साव ने हत्या की साजिश कैसे रची? उसे सुपारी के तौर पर कितने पैसे दिए गए और उसे हथियार कैसे उपलब्ध कराया गया? यह सिर्फ बताया गया, लेकिन पुलिस को जो जवाब चाहिए था, वह अशोक साव के पास था।

जमीन से जुड़े कई बिंदुओं पर अशोक साव से पूछताछ की गई। इस बीच दस से अधिक लोगों को नोटिस देकर बुलाया गया और उनसे भी पूछताछ की गई है। मामले में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि 4 जुलाई को हुई थी खेमका की हत्या गोपाल खेमका की 4 जुलाई की रात 11:37 बजे गांधी मैदान के पास कटारुका निवास गेट के सामने कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 7 जुलाई को एसआईटी ने मालसलामी में छापेमारी कर उमेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया था।

शूटर की सूचना के बाद एसटीएफ और एसआईटी की टीम ने कोतवाली थाना क्षेत्र के उदयगिरी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 601 में छापेमारी कर मास्टरमाइंड अशोक साहू को गिरफ्तार कर लिया।