Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पटना से सारण के लिए उफनती गंगा में चलेगा विशेष जहाज, आईडब्लूएआई देगी मुफ्त सेवा

    Updated: Fri, 01 Aug 2025 05:21 PM (IST)

    पटना सिटी में गंगा नदी पर नासरीगंज से पानापुर के लिए जलयान सेवा जल्द शुरू होगी। दानापुर में एमपी गंगा वन का सफल ट्रायल किया गया। यह सेवा आम नागरिकों किसानों और छोटे कारोबारियों के लिए शुरू की जाएगी। इस जलयान पर एक साथ ढाई सौ लोग और 25 वाहन सवार हो सकते हैं। अधिकारियों ने ट्रायल के दौरान गंगा पार कर सुरक्षित यात्रा का आनंद लिया।

    Hero Image
    पटना से सारण के लिए उफनती गंगा में चलेगा विशेष जहाज

    अहमद रजा हाशमी, पटना सिटी। गंगा का जलस्तर बढ़ने से पहले सुरक्षा कारणों से जगह-जगह लगे पीपा पुल को खोल दिया जाता है। उफनती गंगा में लोगों के वाहनों समेत सुरक्षित आवागमन के लिए आधुनिक तकनीक वाले पीपा पुल से जुड़े विशेष जहाज का इस्तेमाल किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके लिए दानापुर के नासरीगंज स्थित गंगा में मेन पानटून (एमपी) गंगा वन का सफल ट्रायल किया गया। राजधानी पटना से सारण के पानापुर घाट के लिए गंगा में जल्द ही यह जलयान सेवा आम नागरिकों, दैनिक यात्रियों, किसानों एवं छोटे कारोबारियों के लिए शुरू हो सकेगी।

    ट्रायल के दौरान भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ अन्य लोगों ने अपने वाहन समेत एमपी गंगा वन पर सवार होकर गंगा पार किया। गंगा की तेज धार के बीच एक बड़े पानटून जैसे जहाज से सुरक्षित सवारी करने का लोगों ने आनंद उठाया।

    आईडब्लूएआई के निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि गंगा में लगभग ढाई किलोमीटर की इस दूरी को तय कर सारण के पानापुर घाट पहुंचने में लगभग चालीस मिनट और लौटने में लगभग दस मिनट लगा।

    उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष जून से सितंबर-अक्टूबर तक यह सेवा जारी रहेगी। इस मार्ग पर एमपी गंगा वन का सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।

    निदेशक ने बताया कि पीपा पुल से जुड़े विशेष जहाज नुमा पानटून के परिचालन के लिए आईडब्लूएआई द्वारा मानव बल के साथ ईंधन की सेवा राज्य सरकार को मुफ्त दी जाएगी। इस जहाज पर एक साथ ढाई सौ व्यक्ति और छोटे-बड़े 25 वाहनों को सवार किया जा सकता है।

    आरा से पहुंचा पानटून, चार जगहों पर नई सेवा बहाल

    आईडब्लूएआई के निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि आरा के महुली घाट पर लगे एमपी गंगा वन वाले पीपा पुल को ट्रायल के लिए दानापुर के नासरीगंज घाट पर लाया गया था। गंगा में चार जगहों पर इसी तरह की सेवा शुरू करने की योजना है। दानापुर के नासरीगंज घाट, बिदुपुर महनार के चकोसन घाट, कच्ची दरगाह में दो घाट शामिल है।

    उन्होंने कहा कि कच्ची दरगाह में नया सिक्स लेन पुल शुरू होने के बाद फतुहा के ग्यासपुर स्थित काला दियारा घाट और सारण के कालू घाट पर आम लोगों के लिए यह सेवा शुरू हो सकती है।

    आधा घंटा में पानटून के खुलते ही जहाज पार

    गंगा में विकसित जलमार्ग संख्या एक में यात्री एवं मालवाहक जहाजों का परिचालन बढ़ गया है। गंगा में कई जगहों पर लगने वाले पीपा पुल को पार करने में इन जहाजों को समस्या होने के साथ ही एक से दो दिन का समय लगता था।

    आईडब्लूएआई के निदेशक ने बताया कि दानापुर समेत चार जगहों पर लगने वाले विशेष पीपा पुल से जुड़े पानटून के खुलते ही जहाज आसानी से पार कर जाता है। इस काम के लिए पानटून को खोलने और जोड़ने में आधे घंटा लगता है।