Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar News: 'पैसे की कोई कमी नहीं...', बिहार के दो हिस्सों को आपस में जोड़ेगा नीतीश सरकार का यह पुल

    By BHUWANESHWAR VATSYAYAN Edited By: Rajesh Kumar
    Updated: Mon, 14 Jul 2025 12:34 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर-ताजपुर ग्रीनफील्ड ब्रिज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि पुल का 60% काम पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क सुगम होगा और महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। यह पुल NH-31 और NH-28 को जोड़ेगा।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर-ताजपुर ग्रीनफील्ड ब्रिज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, पटना। गंगा नदी पर बन रहे बख्तियारपुर-ताजपुर ग्रीनफील्ड ब्रिज का निर्माण कार्य 60 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पुल का निर्माण कार्य तेजी से किया जाए। उन्होंने कहा कि धन की कोई कमी नहीं है, इसके लिए जो भी जरूरतें होंगी, राज्य सरकार उसे पूरा करेगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री अथमलगोला प्रखंड के कर्जन (बख्तियारपुर-मोकमा फोरलेन बाईपास) से कल्याणपुर होते हुए गंगा नदी के तट तक गए और निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्य की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

    पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप पुडुकलकट्टी ने साइट प्लान के माध्यम से मुख्यमंत्री को बताया कि बख्तियारपुर-ताजपुर ग्रीनफील्ड गंगा ब्रिज का निर्माण कार्य लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस पुल की लंबाई 5.5 किलोमीटर है। कर्जन और ताजपुर के आपस में जुड़ जाने से एनएच-31 और एनएच-28 के बीच सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा।

    उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच एक और संपर्कता स्थापित होगी। कर्जन से पटना जिले में गंगा ब्रिज तक पहुंच पथ, आरओबी और अन्य संरचनाओं का निर्माण प्रगति पर है। समस्तीपुर के ताजपुर से पटना के बख्तियारपुर तक बन रहे इस गंगा ब्रिज परियोजना के ताजपुर से चकलालशाही तक 16.2 किलोमीटर संपर्क पथ का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने और इस कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार की संपर्कता को सुगम बनाने और आम लोगों के आवागमन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

    इस पुल के निर्माण से महात्मा गांधी सेतु और राजेंद्र सेतु पर यातायात का बोझ भी कम होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। इसके माध्यम से महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक और प्रमुख चिकित्सा संस्थानों तक जाने में समय की बचत होगी। समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और बेगूसराय से आने वाले वाहनों के लिए यह पुल एक वैकल्पिक मार्ग होगा।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप पुडुकलकट्टी, बिहार राज्य पथ विकास निगम के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि और पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।