बिहार में 16 जुलाई को दिखेगा अनोखा नजारा, सरकारी स्कूलों के बच्चे इसके जरिए दिखाएंगे 'बदलते बिहार' की तस्वीर
बिहार के सरकारी स्कूलों में 16 जुलाई से बदलते एवं प्रगतिशील बिहार विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ये प्रतियोगिताएं पंचायत प्रखंड जिला प्रमंडल और राज्य स्तर पर होंगी। विभिन्न स्तरों पर छात्रों के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए हैं जिनमें नशामुक्त बिहार शिक्षा में बदलाव और रोजगार जैसे विषय शामिल हैं। राज्य स्तर की प्रतियोगिता के विषय बाद में तय किए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, पटना। राज्य के सरकारी स्कूलों के कक्षा 6वीं से 8वीं और 9वीं से 12वीं के विद्यार्थी 16 जुलाई को बदलते बिहार की तस्वीर उकेरेंगे। यह तस्वीर उनके स्कूलों में आयोजित एक प्रतियोगिता कार्यक्रम में बनाई जाएगी।
प्रतियोगिता का विषय है - बदलते और प्रगतिशील बिहार की तस्वीर। यह कार्यक्रम पंचायत, प्रखंड, जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय स्तर पर पूर्व में चयनित बच्चे अब 16 जुलाई को पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। पंचायत स्तर पर चयनित बच्चों के लिए 22 जुलाई को प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता होगी।
प्रखंड स्तर पर चयनित बच्चे 25 जुलाई को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तर पर चयनित बच्चे 30 जुलाई को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रमंडल स्तर पर चयनित बच्चों की 11 अगस्त को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी। इससे संबंधित कार्यक्रम शिक्षा विभाग के सचिव दिनेश कुमार, जो माध्यमिक शिक्षा निदेशक भी हैं, के हस्ताक्षर से जारी कर दिया गया है।
इसके अनुसार, पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता में कक्षा छठी से आठवीं के लिए विषय होंगे "नशा मुक्त बिहार एवं सुखी परिवार" और "सुरक्षित समाज के लिए मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम" तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं के लिए विषय होंगे: बिहार के गांव: बदलाव की नई तस्वीर एवं बेटियों का सम्मान, सैनिटरी पैड की व्यवस्था।
प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में कक्षा छठी से आठवीं के लिए विषय होंगे: "बिहार कितना बदल गया है और हमारे विद्यालय बदल रहे हैं" तथा कक्षा नौवीं से बारहवीं के लिए विषय होंगे: "बदलाव की बहार", "निःशुल्क साइकिल, पोशाक, पाठ्यपुस्तक एवं शिक्षण सामग्री उपहार एवं स्वर्णिम एवं सुरक्षित भविष्य हेतु छात्रवृत्ति योजना"।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कक्षा छठी से आठवीं के लिए विषय होंगे: "गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बिहार की पहचान है" तथा "कम्प्यूटर शिक्षा के माध्यम से बिहार में बदलाव" और कक्षा नौवीं से बारहवीं के लिए विषय होंगे: "कला, खेलकूद एवं वर्तमान बिहार" तथा "प्रगतिशील बिहार एवं प्रौद्योगिकी"।
कक्षा 6 से 8 के लिए प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में विषय होंगे: खेल में बिहार की प्रगति और बिहार: रोजगार की बहार, जबकि कक्षा 9 से 12 के लिए विषय होंगे: नीतिगत निर्णय एक बड़ी जिम्मेदारी, महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और एक विकसित प्रगतिशील बिहार की पहचान, हर घर तक हर समय बिजली, सड़क और पानी की व्यवस्था। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए कक्षा 6 से 8 और 9 से 12 के लिए पांच-पांच विषय प्रतियोगिता की तिथि को ही तय किए जाएंगे।
इन प्रतियोगिताओं में पंचायत स्तर पर संकुल समन्वयक, प्रखंड स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रमंडल स्तर पर क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक और राज्य स्तर पर किलकारी निदेशक नोडल पदाधिकारी होंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।