पटना के बड़ी टेंगरैला में सिलिंडर भराने की टेंशन खत्म, अब पाइपलाइन से होगी रसोई गैस की सप्लाई
नौबतपुर के बड़ी टेंगरैला गांव में गेल (इंडिया) लिमिटेड ने पाइपलाइन से घरेलू गैस (पीएनजी) आपूर्ति शुरू की है। इससे ग्रामीणों को अब रसोई गैस सिलेंडर की बुकिंग और रिफिलिंग की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।

गेल के महाप्रबंधक (सीजीडी) अजय कुमार सिन्हा ने परियोजना का उद्घाटन किया। फोटो जागरण
HighLights
बड़ी टेंगरैला में पाइपलाइन से घरेलू गैस आपूर्ति शुरू।
गेल इंडिया की सिटी गैस वितरण परियोजना का उद्घाटन।
ग्रामीणों को अब सिलेंडर बुकिंग की परेशानी से राहत।
संवाद सूत्र, नौबतपुर। प्रखंड के बड़ी टेंगरैला गांव में मंगलवार को एक नई शुरुआत हुई। अब यहां के लोगों को रसोई गैस के लिए सिलेंडर का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
गेल (इंडिया) लिमिटेड की सिटी गैस वितरण परियोजना के तहत गांव में पाइपलाइन से घरेलू गैस (पीएनजी) आपूर्ति की नींव रखी गई। इसको लेकर गांव में भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में गेल के महाप्रबंधक (सीजीडी) अजय कुमार सिन्हा ने परियोजना का उद्घाटन किया। वहीं, प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष शंकर शर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परियोजना का शुभारंभ किया।
शंकर शर्मा ने गेल (इंडिया) लिमिटेड के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पीएनजी गैस की सुविधा शुरू होने से लोगों को गैस सिलेंडर की बुकिंग, रिफिलिंग और उसे घर तक लाने-ले जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। अब गैस कभी खत्म होने की चिंता नहीं रहेगी।
पीएनजी परियोजना शुरू होने से बड़ी टेंगरैला के ग्रामीणों को घरेलू ईंधन के लिए एक नई सुविधा मिलेगी। पाइपलाइन के जरिए घरों तक गैस पहुंचने से रसोई में ईंधन की उपलब्धता अधिक सुविधाजनक होगी।
ग्रामीण क्षेत्र में पाइपलाइन आधारित गैस आपूर्ति की शुरुआत को घरेलू ऊर्जा सुविधा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बेगूसराय में पक्के घर का सपना होगा साकार, 33354 परिवारों के खाते में आएगी PM आवास योजना की पहली किस्त
यह भी पढ़ें- पटना के सरकारी स्कूलों में शुरू हुई AI की पढ़ाई, प्रोजेक्ट मेधा से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर