पटना एयरपोर्ट के 10 KM के दायरे में लेजर लाइट और DJ पर रोक, खुले में मीट-मछली बेची तो गिरेगी गाज
पटना एयरपोर्ट के आसपास विमान सुरक्षा के लिए लेजर लाइट, डीजे और तेज रोशनी पर प्रतिबंध लगाया गया है। खुले ...और पढ़ें

पटना एयरपोर्ट के 10 KM के दायरे में लेजर लाइट और DJ पर रोक (AI Generated Image)
HighLights
लेजर लाइट, डीजे पर प्रतिबंध, विमान सुरक्षा प्राथमिकता।
खुले में मांस-मछली बिक्री, कचरा जमाव पर रोक।
उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई, बॉन्ड भरवाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, पटना। एयरपोर्ट के आसपास अब शादी-विवाह की चकाचौंध विमान की सुरक्षा को खतरे में नहीं डाल सकेगी। हवाई अड्डा पर्यावरण प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने मंगलवार को हुई बैठक में पूर्व के निर्देशों की समीक्षा की।
दानापुर व पटना सदर के अनुमंडल पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइट, हाई इंटेंसिटी लाइट व डीजे के इस्तेमाल को प्रतिबंधित किया गया है।
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंध के बावजूद लेजर व हाई इंटेंसिटी लाइट पर रोक नहीं लगी है। इसके बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने सख्ती बढ़ाने का आदेश दिया।
उन्होंने गेस्ट हाउस, मैरिज हॉल, डीजे व अन्य आयोजन स्थलों पर प्रतिबंध तोड़ने वालों को चिह्नित कर संचालकों से बॉन्ड भरवाने का आदेश दिया। इसके अलावा संबंधित थाना प्रभारियों को भी अपने क्षेत्र में निगरानी और कार्रवाई करने के आदेश दिए।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि शादी-विवाह और दूसरे आयोजनों में मनोरंजन के लिए चमकने वाली लेजर लाइट विमान के पायलट की आंखें कुछ समय तक चौंधिया सकती है। अचानक तेज चमक से देखने की क्षमता प्रभावित होने से टेकऑफ और लैंडिंग जैसे संवेदनशील समय में खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में किसी को लेजर लाइट चमकाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
फुलवारी व नूतन पाटलिपुत्र अंचल में खुले में नहीं बिकेगा मांस-मछली:
बैठक में एयरपोर्ट के आसपास खुले में मांस-मछली की दुकानों और उनसे निकलने वाले अवशेषों को भी विमान सुरक्षा के लिए गंभीर समस्या माना गया। खुले में फेंके गए मांस-मछली के अवशेष पक्षियों को आकर्षित करते हैं।
पक्षियों के झुंड विमान के उड़ान भरने या उतरने के दौरान उसके इंजन या अन्य हिस्सों से टकरा कर उड़ान सुरक्षा प्रभावित कर सकते हैं। आयुक्त ने फुलवारीशरीफ नगर परिषद और नूतन पाटलिपुत्र अंचल को खुले में मांस-मछली की दुकानें नहीं लगने देने का आदेश दिया।
गर्दनीबाग मेन रोड और चितकोहरा गोलंबर के आसपास विशेष अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने और दोबारा दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया है।
एयरपोर्ट के 10 किमी के दायरे में न हो कचरे का जमाव:
आयुक्त ने एयरपोर्ट के 10 किलोमीटर की परिधि में कचरे का उचित निस्तारण करने का निर्देश दिया। गर्दनीबाग स्थित कूड़ा डंपिंग स्टेशन को हटाने का भी आदेश दिया। एयरपोर्ट से फुलवारी रेलवे स्टेशन तक नियमित सफाई और कचरे का समुचित निस्तारण करने को कहा गया।
एयरपोर्ट के आसपास किसी भी हाल में कचरे का अनियंत्रित जमाव नहीं होने देने का निर्देश उन्होंने नगर आयुक्त यशपाल मीणा को दिया।
स्ट्रीट डाग पर नियंत्रण, सर्पेंटाइन नाला जल्द ढकने का आदेश:
बैठक में आवारा कुत्तों के नियंत्रण और प्रबंधन की समीक्षा की गई। नगर निगम को इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई जारी रखने को कहा गया। सर्पेंटाइन नाले को ढंकने का शेष काम जल्द पूरा करने की जिम्मेदारी बिहार राज्य सड़क विकास निगम को दी गई।
एयरपोर्ट के आसपास चिह्नित क्षेत्रों में सूखे ताड़ के पेड़ों को हटाने के लिए डीएफओ को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बैठक में नगर आयुक्त यशपाल मीणा, एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
तेज रोशनी पर सख्ती से रोक क्यों:
लेजर लाइट के कॉकपिट में पहुंचने से तीन तरह की परेशानी होती है। पहली, तेज चमक से सामने की चीजें साफ नहीं दिखती, दूसरी, रोशनी हटने के बाद भी कुछ देर तक आंखों के सामने चमक या धब्बे बने रहते हैं, और तीसरी, आंखों के सामने किसी आकृति या रंगीन धब्बे की छवि कुछ सेकेंड से कई मिनट तक बनी रहती है।
खासकर रात में काकपिट में पायलट की आंखों के अंधेरे के अनुकूल होने की क्षमता प्रभावित होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। अत्यधिक शक्तिशाली लेजर से आंख चोटिल होने की भी आशंका रहती है।
यह भी पढ़ें- पटना से बेंगलुरु जाने वालों को झटका: 15 दिनों तक रद रहेंगी फ्लाइटें, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बताई वजह
यह भी पढ़ें- बिहार से विदेश की यात्रा होगी आसान, पटना एयरपोर्ट में जनवरी से मिलेंगी नई सुविधाएं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।