विमान हादसे में पटना की एयर होस्टेस मनीषा ने भी गंवाई जान, जिंदगी का आखिरी सफर बनी लंदन की फ्लाइट
अहमदाबाद से लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यात्रियों के साथ विमान पर 12 क्रू मेंबर भी सवार थे। इसमें पटना की मनीषा थापा भी थीं। मौत की सूचना पर स्वजन अहमदाबाद रवाना हो गए हैं।

जागरण संवाददाता, पटना। अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर विमान एआइ-171 गुरुवार को दुर्घटना का शिकार हो गया। अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के चंद मिनटों के भीतर विमान पास के मेडिकल कालेज के हास्टल के भवन से टकराते हुए मेस पर जा गिरा। दर्दनाक हादसे में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जान गंवाने वालों में पटना की एयर होस्टेस मनीषा थापा भी शामिल हैं।
एक यात्री की बच गई जान
अहमदाबाद में हुए दर्दनाक हादसे में एक यात्री को छोड़कर विमान पर सवार सभी की मौत हो गई। पैसेंजर विश्वास कुमार रमेश की जान बच गई, वह सीट संख्या 11ए पर बैठे थे। हादसे के अंदेशे को भांप उन्होंने छलांग लगा दी थी। इससे उन्हें चोटें आई हैं।
12 क्रू मेंबर में पटना की बेटी भी थी
हादसे के समय एअर इंडिया के विमान पर 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। इनके साथ फ्लाइट पर 12 क्रू मेंबर्स भी थे।
फुलवारीशरीफ की रहने वाली थीं मनीषा
विमान हादसे में जान गंवाने वाले 260 से अधिक लोगों में पटना की भी बेटी शामिल है। राजधानी के महुआ बाग, जगदेव पथ फुलवारीशरीफ में एअर होस्टेस मनीषा थापा का गुरुवार को फ्लाइट में आखिरी सफर रहा। पटना में वे अपने स्वजनों के साथ रहती थीं।
नौकरी में नहीं बरतती थी कोताही
घटना की जानकारी मिलने पर मनीषा थापा के स्वजन पटना से अहमदाबाद रवाना हो गए हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद से ही परिवार के सदस्यों को रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों ने बताया कि मनीषा होनहार छात्रा थी। अध्ययन और फिर नौकरी के दौरान वह कोई कोताही नहीं बरतती थी। हाल ही में मनीषा ने स्वजनों संग भगवान का दर्शन करने गई थीं। उनके इंटरनेट मीडिया अकॉउंट पर भी जान जाने पर लोग हैरत में आ गए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।