Azimabad Express: अब राजगीर तक चलेगी पटना-अहमदाबाद अजीमाबाद एक्सप्रेस, जानिए ट्रेन का नया शेड्यूल
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पटना-अहमदाबाद अजीमाबाद एक्सप्रेस का मार्ग राजगीर तक बढ़ा दिया है। यह ट्रेन अब राजगीर से अहमदाबाद तक चलेगी जिससे यात्रियों को कई शहरों के लिए सीधी रेल सेवा मिलेगी। यह विस्तार 25 जुलाई से राजगीर और 28 जुलाई से अहमदाबाद से प्रभावी होगा। इस फैसले से राजगीर और नालंदा जैसे पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। यात्रियों की सुविधा और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेलवे ने पटना-अहमदाबाद-पटना अजीमाबाद एक्सप्रेस का मार्ग विस्तार राजगीर तक करने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन राजगीर से अहमदाबाद तक चलेगी, जिससे राजगीर, नालंदा और बिहार शरीफ के यात्रियों को कोटा, वडोदरा और अहमदाबाद जैसे शहरों के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी।
यह विस्तार राजगीर से 25 जुलाई और अहमदाबाद से 28 जुलाई से प्रभावी होगा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि इस मार्ग विस्तार से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि राजगीर और नालंदा जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा मिलेगा।
राजगीर-अहमदाबाद अजीमाबाद एक्सप्रेस:
25 जुलाई से प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को राजगीर से रात 21:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन नालंदा (21:12), बिहार शरीफ (21:30), बख्तियारपुर (22:21), पटना साहिब (23:00) और पटना (23:35) रुकते हुए रात 23:45 बजे पटना से आगे बढ़ेगी। निर्धारित ठहरावों के साथ यह तीसरे दिन सुबह 03:50 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।
अहमदाबाद-राजगीर अजीमाबाद एक्सप्रेस:
28 जुलाई 2025 से प्रत्येक सोमवार और बुधवार को अहमदाबाद से रात 21:50 बजे रवाना होगी। निर्धारित ठहरावों के साथ यह तीसरे दिन सुबह 04:20 बजे पटना पहुंचेगी। इसके बाद पटना से 04:30 बजे रवाना होकर पटना साहिब (04:43), बख्तियारपुर (05:10), बिहार शरीफ (05:41) और नालंदा (06:02) रुकते हुए सुबह 07:25 बजे राजगीर पहुंचेगी।
मोकामा-पटना मेमू ट्रेन को गुलजारबाग स्टेशन पर अस्थायी ठहराव
श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए मोकामा और पटना के बीच चलने वाली गाड़ी सं. 63221/63222 मोकामा-पटना-मोकामा मेमू ट्रेन को 24 जुलाई से 10 अगस्त तक गुलजारबाग स्टेशन पर एक मिनट का अस्थायी ठहराव प्रदान किया गया है।
इसके तहत मोकामा-पटना मेमू सुबह 07:05 बजे गुलजारबाग स्टेशन पहुंचेगी और 07:06 बजे आगे के लिए रवाना होगी। वहीं पटना-मोकामा मेमू शाम 18:26 बजे गुलजारबाग पहुंचेगी और 18:27 बजे प्रस्थान करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।