विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 30, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CM नीतीश को बड़ा झटका: RJD के हुए JDU के बागी, JDU MLA ने दिया इस्‍तीफा

By Rajesh ThakurEdited By:
Published: Tue, 30 Apr 2019 07:29 PM (IST)Updated: Tue, 30 Apr 2019 09:30 PM (IST)

बिहार में सीएम नीतीश कुमार को झटका लगा है। जदयू नेता बागी कुमार वर्मा ने पार्टी से इस्‍तीफा देकर राजद ...और पढ़ें

CM नीतीश को बड़ा झटका: RJD के हुए JDU के बागी, JDU MLA ने दिया इस्‍तीफा
CM नीतीश को बड़ा झटका: RJD के हुए JDU के बागी, JDU MLA ने दिया इस्‍तीफा

दरभंगा, जेएनएन। बिहार में सीएम नीतीश कुमार को झटका लगा है। जदयू के वरिष्‍ठ नेता व पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा ने पार्टी से इस्‍तीफा देकर राजद का दामन थाम लिया। राजद के राष्‍ट्रीय उपाध्‍यक्ष ने उन्‍हें पार्टी की सदस्‍यता दिलाई। वहीं जदयू के विधायक अमरनाथ गामी ने विधायक पद से इस्‍तीफा दे दिया है। मंगलवार की शाम में जदयू विधायक अमरनाथ गामी ने विधायक पद से इस्तीफा की घोषणा की। हालांकि गामी अभी जदयू में बने रहेंगे। वे पार्टी नहीं छोड़ेंगे।

दरभंगा के हायाघाट से 2015 में जदयू के टिकट पर विधायक बने अमरनाथ गामी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने अपना इस्‍तीफा जदयू के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष सह सीएम नीतीश कुमार के अलावा बिहार विधानसभा अध्यक्ष को भी भेज दिया है। हालांकि उन्‍होंने नीतीश कुमार की तारीफ की है तथा कहा कि वे जदयू में ही बने रहेंगे। जदयू छोड़ने का सवाल नहीं। साथ ही गामी ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में गठबंधन में समन्वय नहीं रहने से वे नाराज हैं। बोले- अपमान का घूंट पीकर चुनाव तक इंतजार किया। 

उधर मंगलवार को जदयू नेता बागी कुमार वर्मा ने राजद का दामन थाम लिया। बागी ने इसकी घोषणा दो दिन पहले ही जहानाबाद में कर दी थी तथा जहानाबाद के राजद प्रत्‍याशी सुरेंद्र यादव की सभा में शामिल भी हुए थे। इसके बाद आज उन्‍होंने बाजाप्‍ता राजद की सदस्‍यता ले ली। वह दो बार मखदुमपुर क्षेत्र से विधायक चुने गए थे और लालू प्रसाद यादव की सरकार में मंत्री थे। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह एवं पूर्व स्पीकर उदय नारायण चौधरी की मौजूदगी में बागी वर्मा ने राजद की सदस्यता लेने के बाद लालू यादव की सामाजिक न्याय की नीतियों में आस्था व्यक्त की। 

बागी कुमार वर्मा ने एनडीए की नीतियों को गरीब विरोधी करार दिया और कहा कि जदयू में घुटन महसूस हो रही थी। उन्होंने कहा कि अब वह महागठबंधन के प्रत्याशियों की मदद करेंगे। उन्होंने दावा किया कि जहानाबाद में राजद प्रत्याशी सुरेंद्र प्रसाद यादव भारी मतों से जीतेंगे। शिवानंद तिवारी ने कहा कि बदले सियासी माहौल में देश में दो धाराएं चल रही हैं। एक समाजवादी तो दूसरी पूंजीवादी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूंजीवाद के पोषक हैं। लोकसभा चुनाव में राजग जनता को गुमराह कर रहा है। लोकतंत्र के लिए यह घातक है। उदय नारायण चौधरी ने कहा कि देश में परिवर्तन की लहर चल रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। नरेंद्र मोदी फिर से जुमलेबाजी कर जनता को बेवकूफ नहीं बना सकते हैं। समारोह में राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष रामनारायण मंडल, चंदेश्वर प्रसाद सिंह, मदन शर्मा, निराला यादव, डॉ. प्रेम गुप्ता, डॉ. कुमार राहुल सिंह, संजय यादव, खुर्शीद आलम सिद्दीकी, सुजाता कुमारी सिन्हा, सुरेंद्र यादव, विजय यादव एवं गुलाम रब्बानी आदि शामिल थे।