Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में अखिलेश यादव की मदद करेंगे नीतीश, मैनपुरी में डिंपल के लिए हुंकार भर सकते हैं तेजस्वी और तेज प्रताप

    By Arun AsheshEdited By: Rahul Kumar
    Updated: Wed, 16 Nov 2022 07:39 PM (IST)

    Bihar politics मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की मदद करेंगे। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में जदयू के कार्यकर्ता डिंपल यादव की लिए चुनाव प्रचार करेंगे। तेजस्वी यादव और तेज प्रताप भी चुनाव सभा में जा सकते हैं।

    Hero Image
    मैनपुरी उपचुनाव में सपा का समर्थन करेगी जदयू। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों गैर भाजपा दलों की एकता के लिए अभियान चला रहे हैं। इस अभियान की एक झलक मैनपुरी में भी दिखेगी। जदयू ने लोकसभा उपचुनाव में इस सीट पर सपा उम्मीदवार डिंपल यादव को समर्थन देने का निर्णय लिया है। पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई को कहा गया है कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मैनपुरी में समाजवादी प्रत्याशी की जीत के लिए काम करें।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजद पहले ही कर चुका है सपा के समर्थन का एलान

    2019 में मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जीत हुई थी। उनके निधन के कारण वहां उपचुनाव हो रहा है। पांच दिसंबर को मतदान है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आफाक अहमद ने बताया कि मैनपुरी में सपा को जदयू का समर्थन सांकेतिक नहीं होगा, बल्कि सपा उम्मीदवार की जीत के लिए जदयू कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी करेंगे। बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन का सबसे बड़ा दल राजद पहले से ही समाजवादी पार्टी का समर्थन कर रहा है।

    नीतीश कुमार ने की नई शुरुआत

    सफलता न मिलने के बावजूद उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू अपना उम्मीदवार देता रहा है। इस साल हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में भी जदयू के 27 उम्मीदवार मैदान में थे। किसी की जीत नहीं हुई। उप्र विधानसभा चुनाव के समय बिहार में भाजपा-जदयू की साझा सरकार चल रही थी। जदयू ने पहले भाजपा के साथ गठबंधन की कोशिश की थी। बात नहीं बनी तो अकेले चुनाव मैदान में जाने का निर्णय लिया। इससे पहले के चुनावों में उप्र में जदयू-सपा के बीच कभी दोस्ती नहीं हुई थी। नीतीश ने नई शुरुआत की है।

    मुख्यमंत्री जाएंगे या नहीं

    अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के लिए मैनपुरी जाएंगे या नहीं। सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सपा के आग्रह और समय की उपलब्धता के आधार पर तय होगा। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और वन एवं पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव के अलावा कुछ और मंत्रियों के मैनपुरी जाने की संभावना है।