चारों सदन में जाने वाले बिहार के 5वें नेता होंगे नीतीश कुमार, पूरा करेंगे अपना अधूरा सपना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के पांचवें नेता होंगे जो राज्य के चारों सदनों (लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा, विधान परिषद) के सदस्य ...और पढ़ें
HighLights
नीतीश कुमार चारों सदनों के सदस्य बनने वाले पांचवें नेता।
राज्यसभा नामांकन से पूर्व नई सरकार को पूर्ण सहयोग का आश्वासन।
बिहार के विकास और जनता के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चारों सदन में जाने वाले राज्य के पांचवें नेता होंगे। इनसे पहले राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद, रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा और विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुशील कुमार मोदी को भी चारों सदनों में रहने का गौरव प्राप्त था। इनमें से लालू प्रसाद को छोड़ सबकी शुरुआत विधानसभा से हुई थी। लालू प्रसाद सबसे पहले 1977 में लोकसभा के लिए चुने गए थे। उपेंद्र कुशवाहा दूसरी बार राज्यसभा जाएंगे।
नई सरकार को पूर्ण सहयोग और मार्गदर्शन : नीतीश
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको उनका पूरा सहयाेग एवं मार्गदर्शन रहेगा। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के पूर्व नीतीश कुमार अपने एक्स हैंडल पर यह बात लिखी।
प्रदेश की जनता के प्रति आभार प्रकट करते हुए उन्होंने लिखा कि पिछले दो दशक से अधिक समय से आपने अपना विश्वास व समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है। उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी उन्होंने लोगों के प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
नीतीश ने आगे लिखा कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही उनके मन में एक इच्छा थी कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों का भी सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।
नीतीश कुमार ने कहा कि वह पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहते हैं कि लोगों के साथ उनका यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा। आप सभी के साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्व की तरह कायम रहेगा।
यह भी पढ़ें- Nitish Kumar News: बिहार में सत्ता परिवर्तन पर कांग्रेस का हमला, जनादेश से विश्वासघात बताया
यह भी पढ़ें- Nitish Kumar जा रहे राज्यसभा, मगर क्या है BJP की रणनीति? सहनी ने बता दिया पूरा प्लान
यह भी पढ़ें- इधर नीतीश कुमार ने किया राज्यसभा जाने का फैसला, उधर निशांत को लेकर तेजस्वी ने कह दी बड़ी बात
