नीतीश 'हिट' और चिराग 'फिट', दूसरे नेता दूर-दूर तक नहीं; 2024 के Google Search Trend में दिखा जलवा
2024 में गूगल पर बिहार के दो बड़े नेताओं का डंका बजा। नीतीश कुमार और चिराग पासवान पूरे साल ट्रेंड में बने रहे। नीतीश कुमार को दूसरा और चिराग पासवान को तीसरा स्थान मिला। इस लिस्ट में कांग्रेस नेता व पूर्व पहलवान विनेश फोगाट पहले नंबर पर रहीं। वहीं चौथे नंबर पर भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या रहे। विस्तार से पढ़ें पूरी खबर।

डिजिटल डेस्क, पटना। साल 2024 (Year Ender 2024) में गूगल (Google) पर बिहार के दो दिग्गज नेताओं की खूब चर्चा हुई। दोनों ही नेता पूरे साल ट्रेंड में बने रहे। ट्रेंड में बने रहने की कई वजह भी हैं। जैसे की उनके बयान, सियासी उलटफेर और केंद्र की मोदी सरकार में हिस्सेदारी। दोनों ही नेताओं का गूगल पर खूब डंका बजा। यही कारण है कि दोनों ही नेता टॉप-10 सर्च में शामिल हो गए।
बता दें कि गूगल ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट (Google Annual Report 2024) जारी कर दी है। साल के अंत में लोगों के मन में यह जानने की काफी उत्सुकता रहती है कि पूरे साल किन लोगों को सबसे ज्यादा सर्च किया गया? वहीं, अब साल के अंत में भारत में सबसे ज्यादा सर्च किए गए 10 लोगों (Top 10 People In Search India) की सूची भी सामने आ गई है। खास बात ये है कि इसमें बिहार के दो कद्दावर नेता भी शामिल हैं।
गूगल पर सर्च किए टॉप-10 लोग (Top 10 People In search)
- विनेश फोगाट
- नीतीश कुमार (बिहार के मुख्यमंत्री)
- चिराग पासवान (केंद्रीय मंत्री)
- हार्दिक पांड्या
- पवन कल्याण
- शशांक सिंह
- पूनम पांडेय
- राधिका मर्चेंट
- अभिषेक शर्मा
- लक्ष्य सेन
गूगल सर्च में बजा नीतीश और चिराग का डंका!
गूगल की वार्षिक रिपोर्ट में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को दूसरा और केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) को तीसरा स्थान मिला है। चलिए अब इन दोनों नेताओं के बारे में आपको जानकारी देते हैं। आखिर क्यों ये दोनों नेता गूगल सर्च में बने रहे?
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
सबसे पहले बात करते हैं बिहार के CM नीतीश कुमार की। वैसे तो नीतीश कुमार को अपने बयानों के लिए खूब जाना जाता है, लेकिन एक और बात है जिसकी वजह से वह हमेशा हेडलाइंस में रहते हैं, और वो है उनकी अप्रत्याशित सोच। वह कब क्या करेंगे कोई नहीं जानता। यही कारण है कि साल 2024 की शुरुआत में वो सुर्खियों में बने रहे। नीतीश कुमार को राजनीतिक गठबंधन बदलने के लिए जाना जाता है।
'चाचा' ने मारी 'पलटी'
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) से कुछ महीने पहले जनवरी 2024 में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (BJP Led NDA) में फिर से शामिल हो गए। राजद को तब बहुत बड़ा झटका लगा। राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने तो यहां तक कह दिया कि 'चाचा' (नीतीश कुमार) को बीजेपी (BJP) ने हाईजैक कर लिया है। नीतीश कुमार की 'पलटी' के बाद सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई।
अप्रैल के महीने में भी नीतीश कुमार लगातार ट्रेंड में बने रहे। चुनावी सरगर्मी जैसे-जैसे बढ़ रही थी, वैसे-वैसे नीतीश कुमार के बयान भी सुर्खियों में बने रहने लगे। चुनाव से ठीक पहले एनडीए में सीट शेयरिंग को लेकर भी नीतीश कुमार काफी सक्रिय दिखे।
नीतीश कुमार बन गए 'किंग मेकर'
जून 2 से 8 तक नीतीश कुमार को गूगल पर खूब सर्च किया गया। दरअसल, 4 जून को लोकसभा के रिजल्ट आए और अचानक नीतीश कुमार की पॉलिटिकल पावर पर चर्चा शुरू हो गई। वजह थी बीजेपी को लोकसभा में पूर्ण बहुमत ना मिलना। वहीं, नीतीश कुमार के पास 12 सांसद थे। नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ बने रहने का फैसला लिया और केंद्र में फिर एनडीए की सरकार बन गई।
अक्टूबर में फिर ट्रेंडिंग में रहे नीतीश कुमार
- नीतीश कुमार अक्टूबर 6 से 12 के बीच भी नीतीश कुमार खूब ट्रेंड में रहे। इस दौरान जदयू की अहम बैठक हुई।
- जदयू की बैठक में नीतीश कुमार ने साल 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर टारगेट सेट किया।
- नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव में 220 सीटें जीतने की बात कही।
- दूसरी ओर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार से मांग की कि वो एनडीए से अपना सपोर्ट वापस ले लें।
17 नवंबर से लेकर 23 नवंबर तक भी नीतीश कुमार सुर्खियों में रहे। इस दौरान झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई था। नीतीश कुमार की पार्टी ने झारखंड में जमशेद पश्चिम सीट पर चुनाव लड़ा। यहां से सरयू राय ने जीत दर्ज की। जाहिर है कि नीतीश कुमार की पार्टी का झारखंड में 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट रहा।
केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान चिराग पासवान खूब चर्चा में रहे। वह खुद को (पीएम) 'मोदी का हनुमान' भी बताते हैं। चिराग पासवान को जून के महीने में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किया गया। चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) बिहार में 5 सीटों पर चुनाव लड़ी। जमुई, हाजीपुर, खगड़िया, समस्तीपुर और वैशाली में जीत हासिल की। चिराग की पार्टी की स्ट्राइक रेट 100 प्रतिशत रही।
केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनने के बाद चिराग पासवान को अहम जिम्मेदारी मिली। हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चिराग पासवान को मोदी कैबिनेट 3.0 में मंत्री पद मिला। उन्हें मोदी कैबिनेट में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की अहम जिम्मेदारी दी गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।