Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Bihar Weather: लू के थपेड़ों से जान गंवाने वालों की बढ़ रही तादाद, नौ और लोगों की मौत; गर्मी से थोड़ी राहत

    By Jagran NewsEdited By: Mohammad Sameer
    Updated: Mon, 19 Jun 2023 04:35 AM (IST)

    Bihar Weather Update पटना समेत 24 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के साथ 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 45.3 डिग्री सेल्सियस के साथ भोजपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

    Hero Image
    प्रदेश में लू का कहर जारी और नौ लोगों ने तोड़ा दम।

    जागरण संवाददाता, पटना: पटना सहित प्रदेश में बीते 18 दिनों के बाद मौसम का मिजाज बदला है। रविवार को पटना व इसके आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा ने लोगों को भीषण गर्मी व लू से राहत दी है। हालांकि अलग-अलग जिलों में लू लगने से नौ और लोगों की मौत हो गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भोजपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा

    दोपहर पौने एक बजे के आसपास पटना के विभिन्न इलाकों में तेज हवा के साथ वर्षा से मौसम सुहाना बना रहा। पटना समेत 24 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के साथ 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 45.3 डिग्री सेल्सियस के साथ भोजपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

    मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच पुरवा का प्रभाव होने से वातावरण में नमी का संचार हो रहा है। इसके प्रभाव से बादल बनने लगे हैं। इन मौसमी प्रभावों को देखते हुए सोमवार को 27 जिलों में मेघ गर्जन की चेतावनी जारी की है।

    किशनगंज में भारी वर्षा की संभावना है। जबकि बक्सर, कैमूर, रोहतास में लू का प्रभाव दिखेगा। सोमवार से मॉनसून की सुस्ती में तेजी आएगी। अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अन्य हिस्सों में तेजी से प्रसार होने की स्थिति बन रही है।

    हालांकि, प्रदेश के दक्षिण पश्चिम भागों में गर्मी का प्रभाव बना रहेगा। मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री गिरावट की संभावना है। वर्षा की गतिविधियां प्रदेश में मंगलवार से बढ़ेंगी। वहीं, 20 जून को गया, पटना समेत आंधी-पानी की संभावना है।

    रविवार को पटना समेत 15 शहरों में भीषण लू का प्रभाव बना रहा। वहीं, किशनगंज जिले के अलग-अलग स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई।

    लू का कहर जारी, और नौ लोगों ने तोड़ा दम

    दिन में लू के थपेड़ों से बीमार होने वालों के साथ जान गंवाने वालों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, बक्सर और पटना जिला में रविवार को नौ और लोगों ने दम तोड़ दिया। प्रदेश में लू से मरने वालों की संख्या लगभग 51 हो गई है।

    रविवार को बक्सर के चरित्रवन श्मशान घाट पर दोपहर में भोजपुर के गीधा निवासी राजनाथ सिंह का दाह-संस्कार करने उनके स्वजन पहुंचे थे। लू लगने से बड़े पुत्र विनय कुमार सिंह (47 वर्ष) व छोटे अजीत कुमार सिंह (44 वर्ष) एक-एक कर अचेत होकर गिर पड़े। विनय की मृत्यु हो गई।

    अजीत बक्सर में निजी अस्पताल में भर्ती हैं। पटना जिला में मसौढ़ी थाना क्षेत्र में तारेगनाडीह निवासी 70 वर्षीया रहिशा खातुन की मृत्यु हो गई। बाढ़ में दयाचक मोहल्ला निवासी 44 वर्षीय देवेंद्र शर्मा का निधन अस्पताल में हो गया। नवादा सदर अस्पताल में 65 वर्षीय कृष्णदेव सिंह व दुसिया देवी की मृत्यु हो गई।

    नवादा के वारिसलीगंज थाने में पदस्थापित एसआइ मो. अब्बास की मृत्यु का कारण लू बताया जा रहा। जहानाबाद के पाठक टोली निवासी सज्जन कुमार और सैदपुर नंदनपुरा टेहटा निवासी ज्ञानी देवी ने भी दम तोड़ा है। औरंगाबाद में भी दो लोगों की मौत हो गई।