अनंत सिंह की पत्नी ने बताया शादी में क्या होगा खास, जवाब में बोल दिया छोटे सरकार का चर्चित डायलॉग
मोकामा विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के बीच 'चांद उतार दें' वाला अंदाज वायरल हो गया है। शादी में 30 लाख रसगुल्लों सहित 4 लाख लोगों के लिए भोज और भव्य इंतजाम किए गए हैं।
-1795507299587_m.webp)
शिवांगी सिंंह के हल्दी कार्यक्रम में नीलम सिंह। जागरण
HighLights
नीलम देवी का 'चांद उतार दें' डायलॉग इंटरनेट पर वायरल।
बेटी शिवांगी की शादी के लिए भव्य तैयारियां और शाही भोज।
30 लाख रसगुल्ले, 4 लाख मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था।
संवाद सहयोगी, बाढ़। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी की तैयारियों के बीच उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी भी चर्चा में हैं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उनका एक ऐसा अंदाज सामने आया, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अनंत सिंह के चर्चित अंदाज की नकल करते हुए नीलम देवी ने मुस्कुराकर कहा- 'अब विधायक जी का डायलॉग हम मारते हैं, चांद उतार दें।'
दरअसल, शिवांगी की शादी को लेकर पत्रकारों ने नीलम देवी से तैयारियों और खास इंतजामों के बारे में सवाल किया था। अनंत सिंह के अंदाज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके अंदाज के सभी मुरीद हैं।
इसके बाद हंसते हुए उन्होंने विधायक जी के मशहूर संवाद को अपने अंदाज में दोहराया- 'चांद उतार दें।' उनका यह बेफिक्र और मजाकिया अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
बेटी की शादी को लेकर उत्साहित हैं नीलम देवी
नीलम देवी की छोटी बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है। मंगलवार को नदवां स्थित पैतृक गांव में मेहंदी और संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
घर को भव्य तरीके से सजाया गया है। रिश्तेदारों और मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। शादी की तैयारियों में परिवार के सभी सदस्य जुटे हैं।
नीलम देवी के लिए यह आयोजन दोहरी खुशियों का मौका है। बेटी शिवांगी की शादी के साथ ही छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार भी होना है। विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
300 चूल्हों पर बनेगा खाना, 30 लाख रसगुल्लों की तैयारी
शादी में मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 300 चूल्हों पर भोजन तैयार किया जा रहा है।
लगभग 500 हलवाई और कारीगर मिठाइयां तथा अन्य पकवान बनाने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि मेहमानों के लिए 30 लाख रसगुल्ले तैयार कराए जा रहे हैं। इसके लिए पांच टैंकर दूध मंगवाया गया है। छह तरह की मिठाइयां भी बनवाई जा रही हैं।
शादी में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। भोजन बनाने में जुटे लोगों ने कहा कि चार लाख तो क्या आठ लाख भी आएंगे तो कोई दिक्कत नहीं।
वहीं, घुड़दौड़ भी समारोह का खास आकर्षण होगी। नीलम देवी के 'चांद उतार दें' वाले अंदाज से लेकर शाही इंतजामों तक, शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा में है।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी की हल्दी में नोटों की बारिश, मंच पर ऐसा दिखा छोटे सरकार का अंदाज
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी से पहले चर्चा में रही लालू परिवार की शाही शादी, 125 नेताओं को मिला था इनकम टैक्स का नोटिस